-सात घंटा रेस्क्यू चला तब निकाले जा सके शव, एक मजदूर जिंदा बचाया

-मलबे में दबा मजदूर फोन पर बताता रहा हालचाल

बरेली : बेसमेंट की खोदाई के दौरान हुई लापरवाही ने पड़ोसी का दो मंजिला मकान धराशायी कर दिया। बुधवार दोपहर को फतेहगंज पश्चिमी में खोदाई कर रहे मजदूरों ने दीवार पर दरारें पड़ती देखीं। शोर करते हुए चार तो भाग निकले मगर, तीन के ऊपर पूरा मकान भरभराकर गिर गया। सात घंटे चले बचाव कार्य के बाद एक को जिंदा निकाला जा सका, जबकि दो शव मलबे में दबे मिले।

मलबे में मिले शव

फतेहगंज पश्चिमी में सब्जी मंडी के पास कृष्ण अवतार गुप्ता का घर है। उसके सामने रोड पार 10 वर्ष पहले दो मंजिल मकान बनवाया था, जिसमें किराना की दुकान संचालित करते हैं। उनके नये मकान के बगल में किराना व्यापारी दीपक गोयल की पुरानी दुकानें थीं, जिन्हें तुड़वा दिया था। दीपक नई दुकानें व बेसमेंट बनवाने के लिए काम करा रहे थे। करीब 10 फीट गहरा गड्ढा होने के बाद बुधवार को बाकी मिट्टी निकलवाई जा रही रही थी। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मजदूर डालचंद्र ने आवाज लगाई कि पड़ोसी की दीवारें चटक रहीं हैं। इतना कहकर वह तीन अन्य मजदूरों के साथ भागे। बाकी तीन समझ पाते, इससे पहले पूरा मकान उनके ऊपर गिर गया।

घायल हॉस्पिटल में एडमिट

उस वक्त अपनी दुकान पर बैठे कृष्ण अवतार गुप्ता छिटककर दूर जा गिरे। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मदद को दौड़े, कृष्ण अवतार को अस्पताल भेजा। इसके बाद आई चार थानों की पुलिस, फायर ब्रिगेड ने बचाव कार्य शुरू किया जोकि रात 10.30 बजे तक चला। मलबे में दबे राजमिस्त्री धर्मेद्र व मजदूर जाहिद के शव निकाले गए। जबकि घायल शकील को भर्ती कराया।

फोन कर कहा, जल्द हटाओ मलबा

माधोपुर निवासी शकील दीवार के पास थे जोकि तिरछी होकर गिरी। बाद में उसके ऊपर लिंटर गिरा। दीवार की आड़ के कारण शकील की जान तो बच गई मगर, मलबा गिरने से पैर टूट चुका था। उन्होंने स्वजन को फोन किया कि जल्द बाहर निकलवाओ। बाद में इंस्पेक्टर एसके पचौरी फोन पर बातकर सटीक जगह पूछते रहे। बुलडोजर की मदद से उस जगह का मलबा निकालकर शकील को बाहर निकाला गया। बाद में धर्मेद्र व जाहिद के शव निकाले जा सके जोकि फतेहगंज पश्चिमी के रहने वाले हैं।

सुरक्षा इंतजाम न नक्शा

बेसमेंट की खोदाई के समय सुरक्षा मानक का ध्यान नहीं रखा गया। दीपक गोयल के भवन का नक्शा भी नहीं था। अधिशासी अधिकारी शिवलाल राम का कहना है कि नगर पंचायत नक्शा पास नहीं करती। बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जोगेंद्र कुमार का कहना है कि कस्बा हमारे क्षेत्र में नहीं आता है इसलिए प्रकरण से वास्ता नहीं।

दोनों पक्ष एक दूसरे के रिश्तेदार हैं। अभी कृष्ण अवतार की ओर से तहरीर नहीं मिली है। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज होगा। उदय गोयल ने निर्माण में लापरवाही की है।

- राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात, बरेली