- बांके बिहारी मंदिर के पीछे फतेह बगिया में लगे ओवरहेड टैंक में आ गई थी खराबी

- शुक्रवार शाम तक फाल्ट को किया गया ठीक, शनिवार सुबह को होगा पानी सप्लाई

बरेली : राजेंद्र नगर समेत आसपास के करीब दस हजार घरों में दूसरे दिन भी पानी की सप्लाई बाधित रही। जलकल विभाग ने देर शाम तक फाल्ट को ठीक किया। शनिवार सुबह से वहां पानी की सप्लाई शुरू करने का दावा अधिकारी कर रहे हैं।

पानी को परेशान रहे लोग

बांके बिहारी मंदिर के पीछे फतेह बगिया में पानी का ओवरहेड टैंक लगा हुआ है। इससे राजेंद्र नगर, इंदिरा नगर, जनकपुरी और आवास-विकास के करीब दस हजार घरों में पानी की सप्लाई होती है। गुरुवार दोपहर ओवरहेड टैंक में खराबी आ गई। टैंक के वाल्व का स्पेंडल खराब हो गया। इससे दस हजार घरों की पानी की सप्लाई बाधित हो गई। स्थानीय पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना ने जल निगम के अधिकारियों को फोन से सूचना दी। जलकल विभाग ने गुरुवार को ही मरम्मत का काम शुरू करा दिया। शुक्रवार दिन भर मरम्मत का काम चलता रहा। शाम तक वाल्व का स्पेंडल ठीक हो पाया। पानी नहीं मिलने पर लोगों ने हैंडपंप का सहारा लिया। जलकल महाप्रबंधक राजेश कुमार यादव ने बताया कि फाल्ट थोड़ा बड़ा था। उसे दुरुस्त करने में शुक्रवार शाम तक का समय लग गया। अब शनिवार सुबह से रुटीन प्रक्रिया के तहत ओवरहेड टैंक से पानी की सप्लाई लोगों को दी जाएगी।