बरेली( ब्यूरो)। शहर की मलिन बस्तियों की अब सूरत बदलेगी। बस्ती के लोगों को सरकारी योजनाओं के बारे में बताकर जागरुक किया जाएगा। इसके साथ ही मलिन बस्ती के लोगों को योजनाओं से लाभांवित भी कराया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने 10 मलिन बस्तियों का चयन किया है। जिनमें उड़ान के तहत कैंप लगाए जाएंगे। जिसमें महिलाओं और बच्चों को स्पेशल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। दिसंबर में इस योजना की शुरुआत की जाएगी। इसमेंं 10 विभागों की भूमिका रहेगी। इसके लिए नगर निगम ने मलिन बस्तियों के सुधार के लिए खाका तैयार किया है। इसमें सहयोगी भूमिका यूनीसेफ की रहेगी। महिलाओ को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उड़ान योजना में स्वास्थ्य से लेकर बैकिंग व पीएम स्वनिधि योजना का लाभ मुहैया कराया जाएगा। इसे लेकर सैटरडे को हुई बैठक में अपर नगर आयूक्त ,मुख्य चिकित्सा अधिकरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रबंधक लीड बैंक, परियोजना अधिकारी डूडा मौजूद रहे।

महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर
उड़ान प्रोजेक्ट में मलिन बस्तियों की महिलाओं के पंखों को उड़ान मिल सकेगी। जिसमें उनके लिए साक्षर बनाने के साथ ही स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिससे वह अपने अधिकारों के समझ सकें। महिलाओं को अपनी सुरक्षा, लैंगिक सामानता, घरेलू हिंसा से बचने के लिए भी जागरुक किया जाएगा। गरीबी में जीवन यापन करने वाली महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर सही से जीवन यापन कर सकेंगी।

सभी के लिए शिक्षा व्यवस्था
बस्तियों में रहने वाले बच्चों की शिक्षा व्यवस्था पर जोर दिया जाएगा। जिसमें बच्चों के लिए यूनीसेफ की तरफ से शिक्षा की व्यवस्था कराई जाएगी। जिससे मलिन बस्तियों में रहने वाले बच्चों को भी शिक्षा का मौका मिल सकेगा। आर्थिक स्थिति कमजोर होने की वजह से जो बच्चे शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाते थे। ऐसे बच्चों को उड़ान योजना के तहत शिक्षा मिल सकेगी।

गंदगी मुक्त होंगी बस्तियां
नगर निगम व यूनीसेफ के सहयोग से उड़ान योजना के तहत मलिन बस्तियों को गंदगी से आजादी मिल सकेगी। बस्तियों में सफाई अभियान चलाया जाएगा। लोगों को सफाई के लिए जागरुक किया जाएगा।

अपना घर-अपना रोजगार
बेरोजगार लोगों को इसमें खुद के लिए रोजगार मिल सकेगा। इसके लिए बैंक हेल्प करेंगी। बैंक की तरफ से ऋण मुहैया कराया जाएगा। जिससे कोई भी व्यक्ति इस सुविधा का लाभ ले सकता है। इसके साथ ही पीएम आवास योजना के अंर्तगत लोगों को घर की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना से लोगों को खुद का रोजगार और खुद का घर मिल सकेगा।

फैक्ट एंड फिगर
इन विभागों का रहेगा सहयोग
डूडा, सूडा, महिला कल्याण,
परिवार कल्याण, स्वास्थ्य विभाग, यूनीसेफ, बाल विकास एवं पुष्टाहार, कम्प्यूटर सेल, पूर्ति विभाग, नगर विकास विभाग

ये मलिन बस्तियां चिह्नित
एजाज नगर गौटिया, हजियापुर,
फाल्तूनगंज काली बाड़ी, लक्ष्मीपुर,
रामपुर रोड किला छावनी, असरफ खां छावनी, कटघर के पास जाटव बस्ती किला, खुर्रम गौटिया, वेदिता सीबीगंज, बाग ब्रिगटान ड़ान