बरेली(ब्यूरो)। सिटी के डेवलपमेंट को ध्यान में रखते हुए व पब्लिक को जाम के झाम से निजात दिलाने के उद्देेश्य से आखिरकार वेडनसडे को कुतुबखाना ओवरब्रिज का कार्य शुरू कर दिया गया। बता दें कि फ्लाईओवर को लेकर व्यापारियों द्वारा काफी समय से विरोध किया जा रहा था। लेकिन, डीएम शिवाकांत द्विवेदी व निगम के अधिकारियों के प्रयास से व्यापारियों द्वारा विरोध प्रदर्शन खत्म किया गया और फ्लाईओवर निर्माण के क्रम बुधवार को कुमार टॉकीज के सामने जेसीबी द्वारा खुदाई की गई। इस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

1307 मीटर लंबा होगा फ्लाईओवर
सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक वीके सिंह ने बताया कि कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप के पास से फ्लाईओवर शुरू होकर जिला अस्पताल से आगे कुमार टॉकीज के पास तक जायेगा। 1307 मीटर लंबे फ्लाईओवर को बनाने के लिए अनुमानित बजट 105 करोड़ रखा गया है। 51 पिलर के ऊपर फ्लाईओवर तैयार किया जाएगा। बुधवार से निर्माण शुरू कर दिया गया है। स्मार्ट सिटी योजना में फ्लाईओवर को शामिल किया गया था। फ्लाईओवर के आसपास बिजली विभाग, बीएसएनल समेत कई विभागों की केबल है। उनको भूमिगत करने के लिए संबंधित विभागों को भी पत्र लिखे गए हैं।

जाम के झाम से मिलेगा निजात
कुतुबखाना फ्लाईओवर बनने से कुतुबखाना से कोहाड़ापीर तक घंटों जाम की स्थिति नहीं बनेगी। अभी कार व अन्य चार पहिया वाहन नहीं निकल पाते हैैं। आलमगीरी गंज और बड़ा बाजार में भी चार पहिया वाहन जाने की स्थिति नहीं है। इसकी वजह से वहां जाम के हालात रहते हैैं। फ्लाईओवर बनने से आलमगीरीगंज कुतुबखाना, बड़ा बाजार समेत आसपास के घने मार्केट का जाम खत्म होगा। सिविल लाइंस से सीधे राजेंद्रनगर, एयरपोर्ट की ओर जाने वाले फर्राटा भर सकेंगे।

फैक्ट एंड फिगर
1307 मीटर लंंबा होगा फ्लाईओवर
105 करोड़ है अनुमानित बजट
51 पिलर के ऊपर तैयार होगा ओवरब्रिज
06 माह में काम पूरा करेगा सेतु निगम

वाइशेप रहेगा विकल्प
कुतुबखाना फ्लाईओवर को पहले वाईशेप में बनाया जा रहा था। फ्लाईओवर कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप से शुरू होकर बिहारीपुर पुलिस चौकी और दूसरा सिरा कुमार टॉकीज तक जा रहा था। लेकिन उसके बजट को कम करते हुए अभी फ्लाईओवर पेट्रोल पंप से कुमार टॉकीज तक ही बनेगा। इसको लेकर कवायद शुरू कर दी गई है। निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।

यह भी जानें
-फ्लाईओवर पेट्रोल पंप से कुमार टॉकीज तक बनेगा।
-पुल के नीचे लगाई जाएगी नाइट मार्केट
-जाम से मिलेगी निजात
-आलमगीरीगंज कुतुबखाना, बड़ा बाजार समेत आसपास के घने मार्केट का जाम खत्म होगा।
- सिविल लाइंस से सीधे राजेंद्रनगर, एयरपोर्ट की ओर जाने वाले फर्राटा भर सकेंगे।
-स्ट्रीट वेंडर हस्तशिल्प कला सूक्ष्म उद्योगों को भारी लाभ होगा।

फ्लाईओवर के नीचे लगेगा नाइट मार्केट
सेतु निगम के उप प्रबंधक वीके सिंह ने बताया कि फ्लाईओवर के नीचे नाइट बाजार लगाया जाएगा। इसमें स्ट्रीट वेंडर हस्तशिल्प कला सूक्ष्म उद्योगों को भारी लाभ होगा। बरेली आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। फ्लाईओवर का निर्माण कर इसे छह महीने में पूरा किया जायेगा। इस दौरान पूरी कोशिश रहेगी कि व्यापारियों को सहयोग दिया जाये। हमारी मंशा किसी को परेशान करना नहीं है। सेतु निगम के फ्लाईओवर निर्माण के विरोध में अभी तक कुतुबखाना और उसके आसपास के व्यापारी विरोध प्रदर्शन, भूख हड़ताल कर रहे थे।

वर्जन
1307 मीटर लंबे कुतुबखाना फ्लाईओवर का कार्य शुरू हो गया है। इसका निर्माण कार्य छह माह में पूरा कर दिया जाएगा। इसके तैयार होने से पब्लिक को काफी सुविधा मिलेंगी।
- वीके सिंह, उप प्रबंधक ,सेतु निगम

कुतुबखाना फ्लाईओवर को लेकर व्यापारियों को जो समस्याएं आ रहीं थीं। प्रशासन ने उन्हें सुना व भरोसा दिलाया कि व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी दी जाएगी।
-राजेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष, व्यापार मंडल