- डिपार्टमेंट ने बनाए गए थे महाअभियान के तहत 142 बूथ

GORAKHPUR: कोविड टीकाकरण की रफ्तार बढ़ती जा रही है। लोग टीका लगवाने के लिए बूथों पर आ रहे हैं। मंगलवार को विभाग ने महाअभियान के तहत 44991 लोगों को कोविड का टीका लगवाया है। इसमें 37282 को पहली डोज और 7709 को दूसरी डोज लगाई गई है। इसके बाद से जिले में टीका लगवाने वालों की संख्या 18 लाख 50 हजार के आसपास हो गई है।

142 बूथों पर हुआ वैक्सीनेशन

जानकारी के मुताबिक विभाग ने जिले भर में 142 बूथ बनाए थे। इनमें 133 बूथ सरकारी और नौ बूथ निजी अस्पतालों में शामिल थे। इन बूथों पर सुबह छह बजे से ही लोग लाइन में लग गए थे। इसके बाद भी उनका नंबर पांच घंटे बाद ही आया। इन सबके बीच सबसे अधिक भीड़ महिला और संक्रामक रोग पर बने बूथ पर रही। यहां लोगों के बीच कहासुनी भी हुई। लेकिन लोगों के बीच-बचाव के बाद मामला पूरी तरह से शांत हो गया। लाइन में लगे सभी लोगों को कोविड का टीका लगाया गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ। एनके पांडेय ने बताया कि वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। जैसे-जैसे वैक्सीन मिल रही है। वैसे-वैसे बूथों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है।

एक संक्रमित मिला, तीन स्वस्थ हुए

मंगलवार को चार हजार नमूनों की जांच में केवल एक संक्रमित मिला है। जबकि तीन लोगों ने कोरोना को मात दी है। सीएमओ डॉ। सुधाकर पांडेय ने बताया कि जिले में अब तक 59395 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसमें 585326 ने कोरोना को मात दे दी है। 849 की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस अब केवल चार रह गए हैं। यही स्थिति रही तो दो से तीन दिनों में जिला कोरोना मुक्त हो जाएगा।