- मिली एक लाख डोज, संचालित किए गए 154 बूथ

- 19 लाख से अधिक लोगों को लग चुकी है वैक्सीन

GORAKHPUR: हेल्थ डिपार्टमेंट को पर्याप्त वैक्सीन मिल जाने से गुरुवार को कोविड टीकाकरण का ग्राफ बढ़ गया। 154 बूथों पर 48991 लोगों को कोरोना रोधी टीका लगाया गया। इसमें 40819 को पहली व 8172 लोगों को दूसरी डोज दी गई। बूथों पर उत्साह का माहौल था। लोगों ने लंबी लाइन में खड़े होकर अपनी बारी की प्रतीक्षा की। जिले में कोविड टीकाकरण 19 लाख पार गया। अब तक 19,22,939 लोगों को टीका लगाया जा चुका है।

और हेल्थ डिपार्टमेंट को मिल गई एक लाख वैक्सीन

गुरुवार को सुबह हेल्थ डिपार्टमेंट को लगभग एक लाख वैक्सीन मिल गई। इसमें 76 हजार कोविशील्ड व 13 हजार कोवैक्सीन की डोज थी। इसलिए ज्यादातर बूथों को संचालित कर दिया गया। हर जगह पर्याप्त वैक्सीन भेज दी गई। लोगों को लाइन तो लंबी लगानी पड़ी लेकिन किसी को निराश होकर लौटना नहीं पड़ा। जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल व संक्रामक रोग विभाग में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। लाइन तोड़ने को लेकर कई बार विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। लेकिन पुलिस ने संभाल लिया।

टीका लगाए नहीं और जारी हो गया प्रमाण पत्र

कोविन पोर्टल की गड़बड़ी सुधरने का नाम नहीं ले रही है। पादरी बाजार निवासी अनीश श्रीवास्तव ने दूसरी डोज के लिए स्लॉट बुक किया। उन्हें घंटाघर का बूथ आवंटित हुआ। गुरुवार को जब वे टीका लगवाने गए तो कर्मचारी ने बताया कि पोर्टल पर आपका नाम शो नहीं कर रहा है। वह बिना टीका लगवाए वापस चले गए। थोड़ी देर बाद उनके मोबाइल पर दूसरी डोज लगने का मैसेज आ गया। उन्होंने मैसेज में दिए लिंक पर क्लिक किया तो फाइनल डोज का प्रमाण पत्र डाउनलोड हो गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ। एनके पांडेय ने कहा कि अब बिना स्लॉट बुक किए लोगों को भी टीका लगाया जा रहा है। उन्हें लगवा लेना चाहिए था। कल किसी बूथ पर जाकर टीका लगवा लें।