गोरखपुर (ब्यूरो)। रविवार सुबह तक सप्लाई बहाल न होने पर बिजली विभाग के लचर सिस्टम से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसकी सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस और बिजली विभाग के लोगों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह सप्लाई बहाल करने का मांग पर डटे रहे। उधर तकरीबन 9 बजे नया ट्रांसफॉर्मर लगाकर सप्लाई बहाल की जा सकी। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

ट्रांसफॉर्मर से उठने लगा धुआं

पादरी बाजार सब स्टेशन से कई मोहल्ले में बिजली सप्लाई होती है। शनिवार शाम 3 बजे जेल बाइपास रोड स्थित सरस्वतीपुरम में अचानक 400 केवीए ट्रांसफॉर्मर से धुंआ उठने लगा। इसी बीच इलाके की सप्लाई ठप हो गई। आसपास के लोगों ने इस संबंध में बिजली निगम के जेई के मोबाइल नंबर पर कॉल किया, लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला। इसके बाद जब एसडीओ को इसकी जानकारी हुई तो वह तत्काल बिजली कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंच गए और ट्रांसफॉर्मर मरम्मत का कार्य शुरू किया। ट्रांसफॉर्मर में तेल डालने के बाद सप्लाई बहाल की गई, लेकिन कुछ ही देर बाद रात करीब 8 बजे ट्रांसफॉर्मर फुंक गया और इलाके की सप्लाई ठप हो गई। रात भर लोग बिजली विभाग के अफसरों और पादरी बाजार उपकेंद्र पर फोन लगाते रहे लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया।

नाराज लोगों ने जेल बाइपास किया जाम

रविवार की सुबह सप्लाई बहाल न होने पर सरस्वतीपुरम् लेन 5 के लोग जेल बाइपास पर पहुंचकर सड़क को जाम कर दिया। देखते ही देख चंद मिनटों में सड़क के दोनों छोर पर गाडिय़ों का रेल लग गया। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने के साथ जाम खुलवाने का प्रयास किया। अफसरों के आश्वासन के बाद किसी तरह से जाम खत्म हुआ। बिजली कर्मचारियों के प्रयास से सुबह करीब 9 बजे सप्लाई बहाल हुई। इस दौरान राणा राहुल सिंह, अनिल दुबे, सूरज पांडेय, अमन राव, हरीश तिवारी, कुंदन मिश्रा, सत्यम साहनी, राशिद खान आदि मौजूद रहे।

बिजली सप्लाई बहाल करने के लिए ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत कराई गई, लेकिन अचानक जल गया। रात में ट्रांसफॉर्मर बदलना संभव नहीं था। वर्कशॉप से बात की सुबह ट्रांसफॉर्मर बदलने का कार्य शुरू किया गया। करीब 09 बजे ट्रांसफॉर्मर बदलकर सप्लाई बहाल कराई जा सकी।

- अरविंद सिंह, एसडीओ पादरी बाजार

gorakhpur@inext.co.in