गोरखपुर (ब्यूरो)।सोमवार की रात उरुवा की एक छात्रा की शोहदे ने जान ले ली। ये केवल हाल फिलहाल में दो बड़ी घटनाएं हैं। इसके अलावा आए दिन छेड़छाड़ की घटनाओं से जिला शर्मसार है। जानलेवा होते शोहदों पर पुलिस का खौफ खत्म सा हो गया है और वे लगातार छेड़छाड़ की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगा है।

छेड़छाड़ का विरोध किया शोहदे ने जान ले ली

उरुवा थाना क्षेत्र के हरिहरपुर में सोमवार रात करीब 8 बजे छेडख़ानी का विरोध करने पर एक शोहदे ने बीए की छात्रा प्रियंका (20) के सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी। बताया गया है कि सोमवार शाम हरिहरपुर निवासी राममिलन की बेटी प्रियंका अपने चाचा के यहां खाना खिलाने गई थी। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाला सरवन नशे में धुत होकर आया और लड़की के साथ छेडख़ानी करने लगा। चाचा ने जब छेडख़ानी का विरोध किया, तब मनबढ़ उन्हें बुरी तरह से मारने पीटने लगा। इसी बीच सरवन ने प्रियंका के सिर पर मूसर से प्रहार कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। आनन-फानन में परिजन इलाज के लिए ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी सरवन को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त मुसर बरामद कर लिया।

बीए की छात्रा थी प्रियंका

बताया जा रहा है कि प्रियंका उरुवा के नरसिंह प्रसाद पीजी कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रही थी। उसके पिता राममिलन गोरखपुर में काम करते हैं। प्रियंका के सिर पर प्राणघातक प्रहार करने के बाद आरोपी युवक सरवन नदी किनारे नाव में जाकर छिपा था।

रामगढ़ताल में पिस्टल सटाकर महिला से छेडख़ानी

रामगढ़ताल एरिया के पथरा में घर में घुसकर एक मनबढ़ ने महिला के साथ छेडख़ानी कर दी। विरोध करने पर उसने महिला का गला दबाने का प्रयास किया। शोर सुनकर जब लोग आए तो पिस्टल लहराते धमकी देते हुए फरार हो गया। घटना 17 अप्रैल की है। करीब 20 दिन बाद रामगढ़ताल पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धमकी और छेडख़ानी का केस दर्ज किया है। महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है। 17 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे वह अपने घर पर अकेली थी। इस बीच बालालखंदर नामक युवक घर में घुस गया। राजघाट थाना क्षेत्र के चकरा अव्वल निवासी बालालखंदर कच्ची शराब का कारोबारी और थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है।

शादी से इंकार पर शोहदे ने वायरल की अश्लील फोटो

तिवारीपुर इलाके के एक कॉलोनी की रहने वाली पीडि़ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी तीन साल पहले फेसबुक के जरिए आशीष कुमार नामक युवक से दोस्ती हो गई। आशीष लखनऊ के टेढ़ीपुलिया आदर्श नगर कॉलोनी का रहने वाला है। दोनों की आपस में बातचीत भी होती थी। इस बीच पीडि़ता की शादी बस्ती जिले में तय हो गई। जब आशीष को इस बात का पता चला तो वो अपनी गर्लफ्रेंड पर शादी का दबाव बनाने लगा, लेकिन, गर्लफ्रेंड ने शादी करने से इंकार कर दिया। चार माह पहले पीडि़ता की शादी बस्ती जिले के रहने वाले एक युवक से हो गई। अब आशीष ने उसके पति और रिश्तेदारों के मोबाइल फोन पर उसकी अश्लील फोटो भेजना शुरू कर दिया। पीडि़ता की शिकायत पर तिवारीपुर पुलिस ने आरोपी आशीष कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

महिलाओं को बार-बार बनाया शिकार

27 अप्रैल: बक्सर की रहने वाली किशोरी को बंधक बनाकर ऑटो चालक ने साथियों संग दुष्कर्म किया।

24 अप्रैल: उरुवा में महिला को बंधक बनाकर युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म कर वीडियो बना इंटरनेट मीडिया पर वायरल किया।

24 अप्रैल: रामगढ़ताल एरिया में महिला से चाकू की नोक पर रेप और लूट।

21 अप्रैल: खोराबार में छात्रा ने नंबर लेने से इंकार किया तो शोहदों ने गाड़ी से ठोकर मारी।

19 अप्रैल: कैंपियरगंज में किशोरी से गैंगरेप।

19 अप्रैल: पिपराइच में कलश विसर्जन के दौरान बालिकाओं से छेडख़ानी और पथराव।

19 अप्रैल: चौरीचौरा एरिया में 11वीं की छात्रा का स्कूल जाते समय शोहदों ने किया अपहरण।

17 अप्रैल: खोराबार जगदीशपुर में दोपहर के समय किशोरी के साथ घर में घुसकर रेप।

27 अप्रैल: चिलुआताल एरिया में भाभी संग जा रही युवती से शोहदों ने छेडख़ानी की। विरोध करने पर भाभी को थप्पड़ मारा।

उरुवा में हुई घटना के बाद आरोपी युवक को अरेस्ट कर लिया गया है। आरोपी पर हत्या समेत अन्य मुकदमे दर्ज उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंच गई थी।

अरुण कुमार सिंह, एसपी साउथ