गोरखपुर (ब्यूरो)।जीभ बाहर निकली हुई थी और गले में दुपट्टा कसा मिला। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चार युवकों को नामजद कर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मृतक को घर से बुलाकर पुरानी रंजिश में मारा गया है। बुधवार को मृतक का विवाद हुआ था। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव दलदल से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

ताल किनारे ही मिली युवक की बाइक

जानकारी के अनुसार चिलुआताल थाना क्षेत्र के दुर्गापुर निवासी आकाश यादव 22 वर्ष पुत्र स्व। नंदकिशोर का शव गुलरिहा क्षेत्र के चिलुआ के ताल में कोल्हुआ घाट पर पुल के नीचे गुरुवार सुबह बाइक समेत मिला। शव दलदल में दबा हुआ था। आस-पास के लोगों ने शव की पहचान कर उसके घर वालों को सूचना दी।

रहमत नगर के युवकों से हुआ था विवाद

सूचना पर एसपी नॉर्थ मनोज कुमार अवस्थी, सीओ चौरीचौरा मानुष पारिख गुलरिहा थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के भाई विकास ने हत्या का आरोप लगाते हुए गुलरिहा पुलिस को लिखित तहरीर दी है। विकास का कहना है कि मंगलवार की सुबह चिलुआताल क्षेत्र के रहमत नगर निवासी मनोज, पंचम, विशाल पुत्रगण अशोक और अच्छेलाल पुत्र विनोद से भाई का किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।

बुधवार को मिलने बुलाया

बुधवार सुबह विवाद की बात को लेकर चारों युवकों ने मिलने के लिए बुलाया। विकास ने बताया कि मेरे मना करने के बावजूद उनसे मिलने चला गया। शाम से फोन बंद जाने लगा। इसके बाद आकाश का शव गुरुवार सुबह चिलुआ नदी के पुल के नीचे मिला। मृतक के भाई की लिखित तहरीर पर उपरोक्त चारों नामजद आरोपितों के खिलाफ गुलरिहा पुलिस हत्या का केस दर्ज कर तलाश कर रही है। मृतक एक मोबाइल नेटवर्क कंपनी में काम करता था। तीन भाइयों में सबसे बड़ा था।

आशनाई का भी चक्कर

सूत्रों की मानें तो आकाश का किसी लड़की से संबंध था, जिसको लेकर उसका विवाद चल रहा था। यही वजह उसकी हत्या का कारण भी बनी। एसपी नॉर्थ मनोज कुमार अवस्थी ने बताया कि नामजद आरोपितों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। आरोपितों के पकड़े जाने के बाद हत्या कारण स्पष्ट हो पाएगा। बहुत जल्द सभी आरोपी पकड़ लिए जाएंगे।