- एक ही लड़की को अपनी बहू बनाने की चाहत में भिड़े दोनों भाई

- गगहा क्षेत्र के देमुसा गांव की घटना, केस दर्ज, दो आरोपी गिरफ्तार

GAGHA: गगहा क्षेत्र में गुरुवार को एक अजीबोगरीब घटना हुई। एक ही लड़की को अपनी बहू बनाने के लिए अड़े दो भाई और परिवार के सदस्य आपस में भिड़ गए। जमकर मारपीट हुई। इसमें एक भाई की मौत हो गई। वहीं उसके बेटे को छत से फेंके जाने के कारण उसका सिर फट गया। गुरुवार को मृतक की पत्नी ने मामले में केस दर्ज कराया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पर महिला ने आरोप है कि 100 नंबर पर कॉल करने के बाद भी वह नहीं पहुंची, वरना उसके पति की जान बचाई जा सकती थी।

हुआ विवाद

देमुसा निवासी रूदल का गौतम सगा भाई था। गौतम के लड़के आनंद की शादी बच्चा नाम की लड़की से तय हो गई थी। उसका बरक्षा भी हो गया था। रूदल ने भी उसी लड़की को अपने लड़के के लिए पसंद कर रखा था। इसे लेकर दोनों परिवार में विवाद चल रहा था। बुधवार को राम 8 बजे दोनों परिवारों में इसी बात को बहस हो गई। बात आगे बढ़ी और दोनों परिवारों में मारपीट होने लगी। रूदल की सास अजोरिया (70) घर पर आई थीं। उन्होंने दोनों परिवारों में बीच-बचाव की कोशिश की। इस बीच उन्हें भी चोट आई। इससे गुस्साए रूदल और उसके बेटे शंकर ने मिलकर गौतम की पिटाई कर दी। गौतम की पत्‍‌नी प्रभावती ने किसी तरह माफी मांगकर अपने पति को मुक्त कराया।

100 नंबर पर नहीं उठा फोन

प्रभावती ने पुलिस को सूचना देने के लिए 100 नंबर पर कॉल किया लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद घायल पति और बच्चों को लेकर वह अपने नए घर पर चली गई। ताकि जान बचाई जा सके। उधर रूदल की पत्‍‌नी गौरी ने मारपीट की सूचना अपने मायके अहमकपुर, थाना बड़हलगंज में दे दी। रात 10 बजे तक रूदल के ससुराल से एक दर्जन लोग लाठी डंडा लेकर पहुंच गए। सभी हमलावर गौतम के नए घर उत्तमा गांव स्थित मकान पर टेम्पो और बाइक से पहुंच गए।

शटर का ताला तोड़ किया हमला

हमलावरों ने शटर का ताला तोड़ दिया। आरोप है कि घर में घुसकर गौतम, उसकी पत्‍‌नी प्रभावी और 14 साल के बेटे आनंद व 10 वर्षीय करन की बुरी तरह पिटाई कर दी। करन को घसीटते हुए छत पर ले गए और छत की रेलिंग से गेहूं के खेत में फेंक दिया। इसके बाद हमलावर वहां से चले गए। प्रभावती मदद के लिए चीखती रही लेकिन गांव वालों ने भी बचाव नहीं किया। हमलावर जाते-जाते घर में रखे रुपए व कीमती सामान लूटकर ले गए। साथ ही बाहर खड़े ऑटो को क्षतिग्रस्त कर दिया। गुरुवार को सुबह प्रभावती अपने घायल पति और बेटे को लेकर अस्पताल जा रही थी लेकिन रास्ते में ही पति की मौत हो गई। बेटे को सिर पर काफी चोट आई है।

कोट

सुभाष सहित सात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अहमकपुर निवासी सुभाष और बारीदेहा निवासी विक्रम को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

- गिरजेश तिवारी, थानाध्यक्ष, गगहा