- शहर में महिला कांस्टेबल की रोजाना होगी पेट्रोलिंग

- हर स्कूटर पर सवार होकर साथ चलेंगी दो महिला कांस्टेबल

GORAKHPUR: शहर में महिला कांस्टेबल का शेरनी दस्ता गश्त करेगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर से शेरनी दस्ते को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए महिला कांस्टेबल का दस्ता पुलिस लाइन पहुंचा। इस दस्ते का नेतृत्व महिला कांस्टेबल आरती मिश्रा और जया रंजन यादव ने किया। ईव टीजिंग, चेन स्नेचिंग सहित अन्य घटनाओं की रोकथाम के लिए गठित शेरनी दस्ता में सेलेक्ट महिला कांस्टेबल सुबह नौ बजे ही गोरखनाथ मंदिर पहुंच गई थीं। सुबह साढ़े 10 बजे सीएम ने हरी झंडी दिखाकर दस्ता को रवाना किया। इस मौके पर एडीजी दावा शेरपा, डीआईजी राजेश मोदक, एसएसपी डॉ। सुनील कुमार गुप्ता, एसपी सिटी डॉ। कौस्तुभ, आरआई उमेश कुमार दुबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

खुश नजर आई महिला कांस्टेबल

शेरनी दस्ता में शामिल होकर महिला कांस्टेबल काफी खुश नजर आईं। कांस्टेबल ने कहा कि उनको इस बात की ज्यादा खुशी है कि सीएम ने दस्ता को हरी झंडी दिखाई। यह उनके लिए पहला मौका था। दस्ता में शामिल महिला पुलिस कर्मचारी काफी उत्साहित भी नजर आईं। उनको पहले ही बता दिया गया था कि समय से कार्यक्रम में उपस्थित हो जाएं। महिला कांस्टेबल के बीच इस बात की चर्चा रही कि सड़कों पर गश्त करने से क्राइम कंट्रोल करने में मदद मिलेगी।

स्कूटर में यह है इंतजाम

हीरो मोटोकार्प ने पुलिस डिपार्टमेंट को सौ स्कूटर दिए हैं।

वेलफेयर फंड के तहत बाइक एजेंसी ऑनर से व्यवस्था कराई।

स्कूटर में जीपीएस, सायरन, फ्लैश लाइट, पेपर स्प्रे का इंतजाम है।

पब्लिक प्लेस पर संबोधन के लिए पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम भी लगा है।

वर्जन

महिला कांस्टेबल का शेरनी दस्ता सड़कों पर नजर आएगा। हर थाने को दो-दो स्कूटर दिए जाएंगे। अन्य को पुलिस लाइन में रिजर्व रखा जाएगा। शेरनी दस्ता में तैनात महिला कांस्टेबल को अलग ट्रेनिंग दिलाने की व्यवस्था बनाई जाएगी।

डॉ। सुनील गुप्ता, एसएसपी