गोरखपुर (ब्यूरो)।विधि विधान से पूजनोपरांत उन्होंने प्रदेशवासियों के सुखमय, समृद्धमय व शांतिमय जीवन की मंगलकामना की। सीएम सुबह 7 बजे से लेकर दोपहर बाद 2.45 बजे तक अलग-अलग मंदिरों में उपासना व भ्रमण पर रहे।

शक्ति मंदिर पर दुग्धाभिषेक

शनिवार सुबह अनुष्ठानिक कार्यक्रमों की शुरुआत गोरखनाथ मंदिर से हुई। मठ के प्रथम तल पर स्थित शक्ति मंदिर में उन्होंने भगवान भोले शंकर का दुग्धाभिषेक किया। इसके उपरांत सीएम ने हवन तथा आरती कर महादेव से प्रार्थना की। इसके पहले सीएम ने गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित शिव मंदिर में भी पूजन किया। उन्होंने यहां भगवान नंदी का पूजन कर भगवान शंकर का जलाभिषेक किया।

तीन शिव मंदिरों का भ्रमण कर किया जलाभिषेक

गोरखनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि का अनुष्ठान पूर्ण करने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने अंधियारीबाग स्थित प्राचीन मानसरोवर शिव मंदिर, राजघाट स्थित मुक्तेश्वरनाथ मंदिर व झारखंडी स्थित झारखंडी महादेव मंदिर का भ्रमण किया। इन तीनों शिव मंदिरों में उन्होंने भगवान भोलेनाथ का दर्शन, पूजन व जलाभिषेक कर लोक मंगल की कामना की। मंदिरों के भ्रमण के दौरान सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर जगह सुरक्षा, सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा इंतजाम रखा जाए।

मानसरोवर मंदिर पर बच्चों को प्रसाद दिया

सीएम सबसे पहले अंधियारी बाग स्थित प्राचीन मानसरोवर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महादेव का दर्शन पूजन किया। पूजन कर बाहर निकलते वक्त उनकी नजर नन्हे-मुन्ने श्रद्धालुओं पर पड़ गई। सीएम तुरंत उनके बीच पहुंचे और दुलारकर अपना आशीर्वाद और महाशिवरात्रि का प्रसाद दिया। इस दौरान उनके साथ भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ। धर्मेंद्र सिंह, विधायक प्रदीप शुक्ल, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास, भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि भी मौजूद रहे।

भरोहिया में पितेश्वरनाथ भी पहुंचे सीएम

दोपहर में सीएम पीपीगंज के भरोहिया स्थित पितेश्वरनाथ शिव मंदिर भी पहुंचे। यहां बाबा पितेश्वरनाथ का दर्शन, पूजन व जलाभिषेक किया। पांडवकालीन मान्यता वाले पितेश्वरनाथ मंदिर का गोरक्षपीठ से गहरा नाता है। गोरक्षपीठाधीश्वर हर महाशिवरात्रि यहां जलाभिषेक करने आते हैं।