- बाजार में पुलिस की सख्ती रही कम, सड़कों पर नजर आई भीड़

- शहर के चौक-चौराहों का लाइव, कैमरा देखकर शुरू हुआ एक्शन

GORAKHPUR: शहर में शुक्रवार को पुलिस की मौजूदगी के बीच लोगों की चहलकदमी बनी रही। चेकिंग और सख्ती करने के बजाय पुलिस टीम चौराहों पर मौजूद रहकर गतिविधियों की निगरानी करती रही। अलविदा की नमाज को लेकर भी शहर में पहले से अलर्ट घोषित था। इसलिए संवेदनशील एरियाज में पुलिस की मोबाइल टीमें गश्त करती रहीं। शहर को तीन जोन और आठ सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कई तरह की दुकानों के खुलने की इजाजत मिलने से लोग जरूरी कामों के लिए घर से निकल रहे हैं। सुबह सात बजे से लेकर शाम सात बजे तक नियमानुसार लोगों की आवाजाही हो रही है। इसके बाद सघन जांच अभियान भी चलाया जाता है। शुक्रवार को दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने शहर के विभिन्न चौराहों का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अलसाती हुई नजर आई तो पब्लिक की आवाजाही भरपूर रही। कचहरी चौराहे पर कैमरा देखकर टेंट के नीचे बैठे होमगा‌र्ड्स जवान एक्टिव हो गए।

स्पॉट वन

धर्मशाला ओवरब्रिज

टाइम - दोपहर 12 बजकर 40 मिनट

धर्मशाला पुलिस चौकी के पास पुलिस का चेकपोस्ट नाका है। यहां से गोरखनाथ मंदिर, काली मंदिर और रेलवे स्टेशन जाने का रास्ता खुला हुआ है। लेकिन जटाशंकर की तरफ जाने वाले रास्ते पर बैरियर लगा है। शुक्रवार की दोपहर यहां पर एक मजिस्ट्रेट, दरोगा, कांस्टेबल और होमगा‌र्ड्स ड्यूटी पर मौजूद नजर आए। धर्मशाला पर सड़क चौड़ीकरण काम चल रहा है। इसलिए आसपास के दुकानदार अपनी दुकानों को हटाने और तोड़ने में बिजी रहे। पुलिस कर्मचारियों ने बताया कि दिन में संदिग्ध वाहनों और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों को ही रोका जा रहा है।

स्पॉट 2

आयज्ञनगर चौराहा

टाइम - दोपहर 1 बजे

आर्यनगर चौराहे पर पुलिस नजर आई। यहां पर दुकानें खुली हुई थीं। लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर कोई ध्यान नहीं दे रहा था। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट टीम जैसे ही चौराहे पर पहुंची, कैमरा देखकर पुलिस कर्मचारी एक्टिव हो गए। दुकानों पर लगी भीड़ हटाने के साथ-साथ जांच भी शुरू कर दी। दुकान खुलने से आर्यनगर चौराहे पर चहल-पहन बनी रही।

स्पॉट तीन

विजय चौराहा

टाइम - 1 बजकर 20 मिनट

विजय चौराहा शहर के खास चौराहों में शुमार है। यहां चारों तरफ से बैरियर लगाकर थोड़ा ही रास्ता खोला गया था। लोगों की आवाजाही सामान्य तरीके से होती रही। चौराहे पर तैनात मजिस्ट्रेट और पुलिस कर्मचारी बैरियर के पास लगे टेंट के नीचे अपने मोबाइल में बिजी नजर आए। उन लोगों ने फोटो खींचने का कोई संज्ञान भी नहीं लिया। चौराहे के आसपास दुकानें खुलने से पब्लिक मूवमेंट थी।

स्पॉट 4

कचहरी चौराहा

टाइम - दोपहर 2 बजे

कलेक्ट्रेट से सटे इस चौराहे पर काफी भीड़ लग जाती है। करीब दो बजे यहां पर मौजूद पुलिस कर्मचारी काफी आराम के मूड में नजर आए। इस चौराहे पर जिला पंचायत रोड को ब्लॉक किया गया है। लेकिन टाउनहाल तिराहा, शास्त्री चौराहा और गोलघर जाने वाली सड़क खुली है। चौराहे पर ट्रैफिक का आलम यह था कि वाहनों के गुजरने से जाम लग जा रहा था। इस चौराहे पर पब्लिक के लिए सोशल डिस्टेंसिंग बेमतलब नजर आई। हालांकि फोटो खींचते देखकर पुलिस कर्मचारी हरकत में आ गए।