- डीडीयूजीयू लॉ डिपार्टमेंट की लाइब्रेरी एक महीने से है बंद

GORAKHPUR: यूनिवर्सिटी के लॉ डिपार्टमेंट के कई स्टूडेंट्स इन दिनों किताबों के बिना ही पढ़ाई कर रहे हैं। ये पढ़ने का अलग तरीका नहीं बल्कि जिम्मेदारों की उदासीनता का नतीजा है। यहां की लाइब्रेरी पिछले एक महीने से बंद पड़ी है। इस कारण स्टूडेंट्स बुक्स इश्यू नहीं करा पा रहे। पढ़ाई में हो रही दिक्कत की कई बार शिकायत के बावजूद भी अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे। परेशान स्टूडेंट्स ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही लाइब्रेरी नहीं खुली तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

सिर पर है परीक्षा

स्टूडेंट्स का कहना है कि वे कई बार लाइब्रेरी बंद रहने की शिकायत हेड ऑफ डिपार्टमेंट से कर चुके हैं। इसके बावजूद कुछ नहीं किया जा रहा। फिफ्थ सेमेस्टर के एक स्टूडेंट ने बताया कि जुलाई में एग्जाम है। ऐसे में अगर समय से बुक्स इश्यू नहीं की गईं तो उनकी पढ़ाई चौपट हो जाएगी। वहीं डीन प्रो। जितेंद्र तिवारी से कहने पर उनका ये तर्क रहता है कि कर्मचारी नहीं हैं इसी कारण समस्या आ रही है। इस संबंध में डीन ने बताया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन को कर्मचारियों की कमी से सूचित कर दिया गया है। लेकिन नए कर्मचारी नहीं दिए गए।

वर्जन

स्टूडेंट्स की समस्या का समाधान जल्द ही कर दिया जाएगा। जल्द ही कर्मचारी मिल जाएंगे। उसके बाद बुक्स इश्यू किए जाएंगे।

- प्रो। जितेंद्र तिवारी, डीन, लॉ डिपार्टमेंट