- कैंट की घटना

- मंगलवार की रात 8 बजे भाइयों से कहासुनी कर निकला था घर से

GORAKHPUR: कैंट एरिया के मोहद्दीपुर स्थित पुल के नीचे बुधवार की सुबह एक 40 वर्षीय युवक का शव मिला। सूचना पर तत्काल मोहद्दीपुर व एयरफोर्स चौकी की पुलिस पहुंची। युवक की पहचान मोहद्दीपुर के रेलवे कॉलोनी निवासी अश्वनी सिंह 40 के रूप में हुई। फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

नहीं था कोई चोट का निशान

जानकारी के अनुसार लोगों ने बुधवार की सुबह रामगढ़ताल पुल के नीचे एक युवक का शव उतराता देखा और पुलिस को सूचना दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। युवक के शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं था। युवक के जेब से एक मतदाता पहचान पत्र मिला। जिससे उसकी पहचान अश्वनी सिंह 40 पुत्र महेश सिंह निवासी 120 व 50 रेलवे कॉलोनी मोहद्दीपुर के रूप में हुई। फिलहाल पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया जांच में शराब के नशे में पुल से गिरकर मौत होने की आशंका है।

भाइयों से हुआ था झगड़ा

अश्वनी तीन भाईयों में सबसे बड़ा था। सभी भाई मजदूरी करते हैं। अश्वनी तीन साल पहले एक अस्पताल में काम करता था। जब वहां से निकला तो एक बैटरी वाली ऑटो खरीदा और चलाता था। वह भाइयों, पत्‍‌नी और दो बच्चों के साथ रहता था। परिजनों के अनुसार मंगलवार रात 8 बजे भाइयों से झगड़ा करके नाराज होकर घर से निकले थे। घर वालों को लगा रात में आ जाएंगे, लेकिन रात में जब नहीं आए तो सुबह घर के लोग ढूंढ रहे थे। तभी पुलिस से सूचना मिली। हालांकि अभी इस मामले में परिवार की तरफ से पुलिस को तहरीर नहीं मिली है।