गोरखपुर (ब्यूरो)। उपचार के इंतजाम और आर्मी के समर्पण पर वरुण के परिजनों ने संतोष जताया है। वरुण की बड़ी बहन प्रोफेसर दिव्यारानी सिंह ने बताया कि इंडियन गवर्नमेंट ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है। हम लोग वरुण के जल्द स्वस्थ होने के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।

परिजन पहुंचे बेंगलूरू

देवरिया जिले के मूल निवासी हेलीकॉप्टर हादसे में गंभीर रूप से घायल ग्रुप कमांडर वरुण सिंह की हालत स्थिर है। बेंगलुरु के कमान अस्पताल में उपचार चल रहा है। बुधवार को हुए हादसे में गंभीर रूप से झुलसे ग्रुप कैप्टन को वेलिंगटन स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें पहले सड़क मार्ग से एम्बुलेंस में सुलूर ले जाया गया। फिर से वहां से बेंगलुरु पहुंचाया गया। दुर्घटना में सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका और 11 अन्य सैन्यकर्मियों का निधन हो गया था। दुर्घटना की सूचना के बाद से वरुण के गांव कन्हौली में शुभचिंतकों का ताता लगा हुआ है। परिवार के अन्य सदस्य बेंगलूरू चले गए हैं।

हम लोग बेंगलूरू आ गए हैं। वरुण की हालत नाजुक बनी हुई। स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है। भारत सरकार के रक्षामंत्री रोजाना काल करके उनकी जानकारी ले रहे हैं। हम सभी प्रार्थना कर रहे हैं कि वह जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं।

प्रोफेसर दिव्यारानी सिंह, एचओडी, होम साइंस डिपार्टमेंट, डीडीयूजीयू