-नगर निगम परिसर में चलेगा म्यूजिकल फाउंटेन, फास्ट फूड के दुकानदारों को दी जाएगी जगह

GORAKHPUR: अगर घर में बैठे-बैठे उकता गए हैं तो यह खबर आपको सुकून देने वाली है। गोलघर में टूरिस्ट्स के सुकून के लिए एक नया प्लेस डेवलप किया जा रहा है। नगर निगम परिसर में म्यूजिकल फाउंटेन चलाकर यहां पर्यटकों के बैठने के इंतजाम किए जाएंगे। फाउंटेन के सामने कैफेटेरिया विकसित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। फास्ट फूड की दुकानें भी लगाई जाएंगी। संगीत की धुन पर रंगीन लाइटों के बीच पानी के उतार-चढ़ाव वाले मनोरम दृश्य के साथ पर्यटक फास्ट फूड का आनंद लेंगे। नगर निगम के पार्क का सुंदरीकरण कर पर्यटकों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी।

हो चुका है ट्रायल

नगर निगम परिसर स्थित पोखरे में तकरीबन दो साल पहले म्यूजिकल फाउंटेन की स्थापना की गई है। पिछले साल इसका ट्रायल भी हो चुका है। कोरोना संक्रमण कम होने पर नगर निगम प्रशासन ने इसे शुरू कराने का निर्णय लिया है। फाउंटेन के सामने की गली में नगर निगम प्रशासन फास्ट फूड की दुकानें लगवाएगा। पर्यटकों के लिए नगरीय विद्युत वितरण खंड प्रथम की तरफ का गेट खोला जाएगा। यहीं से लोग आएंगे और वाहन खड़ा कर म्यूजिकल फाउंटेन देखेंगे। पोखरे की दीवार को भी हटा दिया जाएगा। इसका निर्णय हो चुका है।

गोलघर में नहीं लगेंगे ठेले

गोलघर को पहले ही नो वेंडिंग जोन घोषित किया जा चुका है। नगर निगम परिसर में जगह की व्यवस्था करने के साथ ही गोलघर को पूरी तरह साफ करा दिया जाएगा। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शहर के प्रवेश द्वारों का सुंदरीकरण पहले ही कराया गया था। अब नगर निगम ने नौसढ़ में पुलिस चौकी के पास बांध के सुंदरीकरण कार्य को और अच्छा करना शुरू कर दिया है। बांध किनारे फाउंटेन लगाए जा रहे हैं। जल्द ही काम पूरा हो जाएगा।

वर्जन

म्यूजिकल फाउंटेन अगले महीने शुरू कर दिया जाएगा। यहां कैफेटेरिया डेवलप होगा। फास्ट फूड की दुकानों के साथ ही खाने-पीने की दुकानें लगाई जाएंगी। नगर निगम परिसर में रानी लक्ष्मीबाई पार्क में बैठने की व्यवस्था की जाएगी।

-अविनाश सिंह, नगर आयुक्त

बॉक्स

तीन रंगों में रंगी जाएंगी गोलघर की दुकानें

लखनऊ के हजरतगंज की तरह गोलघर की दुकानें तीन रंगों में रंगने पर सहमति बन गई है। अगले सप्ताह से व्यापारी दुकानों को रंगवाने का काम शुरू करेंगे। महापौर सीताराम जायसवाल और नगर आयुक्त अविनाश सिंह की मौजूदगी में मंगलवार को नगर निगम स्थित गेस्ट हाउस में गोलघर के व्यापारियों की बैठक हुई। महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुकानों के लिए रंग तय कर दिया है। सभी व्यापारी गोलघर को सुंदर और स्वच्छ बनाने की दिशा में तेजी से काम शुरू कर दें। गोलघर उद्योग व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष जहूरुल्लाह ने कहा कि दुकानों को एक ही रंग में रंगने से गोलघर की खूबसूरती बढ़ेगी। इस दौरान उपसभापति ऋषि मोहन वर्मा, मदन लाल गुप्ता, रविंद्र मौर्य, विनय कुमार सिंह, निजामुल हक, सुरेश कलानी, समीर कुमार, नितिन जायसवाल, पवन जैन, अतुल आदि मौजूद रहे।

इन रंगों का होगा इस्तेमाल

क्रीम कलर से दीवार, नीले रंग से शटर और मैरून रंग के बैकग्राउंड पर सफेद रंग से अक्षर लिखे जाएंगे। बोर्ड की चौड़ाई चार फीट से ज्यादा नहीं होगी।