गोरखपुर (ब्यूरो)। डाढ़ी निवासी 70 साल के तेरस चौरसिया ने दो शादी की थी। पहली पत्नी से उनका बेटे मूलचंद हैं। पत्नी के निधन के बाद उन्होंने अपनी साली से शादी कर ली। साली से भी उनके तीन बेटे पैदा हुए। पहली पत्नी, सबसे बड़े बेटे मूलचंद सतना (मध्य प्रदेश) में रहकर काम करते हैं। दो दिन पूर्व वह घर आए थे। बुधवार की दोपहर छत के कमरे का ताला खोलने को लेकर पिता और बेटे के बीच कहासुनी हो गई। तभी बेटे ने पिता के कंधे पर हाथ रखकर कोई बात कही। इसके बाद तेरस चुप हो गए।

बेटे से विवाद के बाद बिगड़ी हालत

तेरस को हार्ट, शुगर और किडनी से संबंधित प्रॉब्लम थी। लंबे समय से इसकी दवा भी चल रही थी। बेटे से कहासुनी होने के बाद अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन उनको मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां काफी प्रयास के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बुधवार की शाम करीब छह बजे उनकी बॉडी घर पहुंची। इसके बाद उनके दूसरे बेटे अरविंद ने पिता के मर्डर की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दे दी। गुरुवार को तेरस का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम के दौरान डॉक्टरों ने बिसरा प्रिजर्व किया। पुलिस इस प्रकरण की जांच में जुटी है।

बेटे ने पिता के मर्डर की सूचना दी थी। इसलिए बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। छानबीन में पता लगा है कि वह काफी दिनों से बीमार चल रहे थे।

जगतराम कन्नौजिया, सीओ गोला