- सफर के दौरान खुद को असहज महसूस करने पर सीट बदल सकेंगी महिलाएं

GORAKHPUR: ट्रेंस में अकेले सफर करने वाली महिला पैसेंजर्स के लिए रेलवे ने एक खास व्यवस्था की है। अकेले सफर करने के दौरान खुद को असहज महसूस करने पर महिला पैसेंजर अब एक फोन पर अपनी सीट चेंज करा सकती हैं। पैसेंजर्स सुविधा और महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने महिला पैसेंजर्स के लिए इस सेवा की शुरुआत की है।

महिलाओं को होगी सुविधा

सफर के दौरान महिलाओं की सुरक्षा व सुविधा को देखते हुए रेलवे बोर्ड की ओर से सर्कुलर जारी किया गया है। इसके तहत अकेले सफर कर रही महिला अपनी सीट चेंज कर सकती है। सभी रेलवे जोन्स में एक वरिष्ठ महिला अधिकारी इसमें उनकी मदद करेंगी। इन अधिकारियों के नंबर सार्वजनिक होंगे और वे महिला पैसेंजर्स की शिकायत को संबंधित विभाग को ट्रांसफर करेंगी। इस सेवा का लाभ उठाने के लिए महिलाओं को शिकायत से पहले यह सुनिश्चित करना होगा कि शिकायत असली है और परिस्थिति वास्तव में खराब है। इसमें महिलाओं को अपना नाम और मोबाइल नंबर भी बताना होगा। साथ ही महिलाएं बचाव व सुरक्षा के लिए 24 घंटे काम करने वाली विशेष सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 182 पर संपर्क कर सकती हैं।

टीटीई दिलवाएंगे सीट

ऐसी स्थिति में रेलवे की महिला अफसर शिकायतकर्ता महिला से संपर्क करेंगी और टीटीई से कहकर दूसरी जगह सीट की व्यवस्था कराएंगी। अगर टीटीई खाली सीट होने के बाद भी जरूरतमंद महिला को सीट मुहैया नहीं कराता है तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।