गोरखपुर (ब्यूरो)। बेलघाट एरिया के दियारा में पशु तस्करी बढ़ गई थी। मामले की जानकारी होने पर एसएसपी डॉ। विपिन ताडा ने रोकथाम का निर्देश दिया। रविवार रात बेलघाट के एसओ गौरव कुमार कन्नौजिया पुलिस टीम के साथ गश्त पर निकले। तभी पशु तस्करों के बारे में जानकारी मिली। आजमगढ़ रोड के रतनीढाला रोड पर बाइक सवार कुछ संदिग्ध नजर आए। पुलिस ने जब उनको रोका तो वह गोली चलाकर भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को पैर में गोली लगी। चारों तरफ से खुद को घिरा देखकर उसने सरेंडर कर दिया। पूछताछ में उसकी पहचान तौफिक अहमद उर्फ गुड्डू के रूप में हुई। वह आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर, रानीगंज रजौड़ा का रहने वाला है। पुलिस अधिकारियों की मानें तो आरोपित शातिर किस्म का पशु तस्कर है। बड़हलगंज थाने में उसके खिलाफ वर्ष 2020 में पशु तस्करी व पुलिस पर हमला करने का केस दर्ज हुआ था। तभी से वह फरार था। उसके खिलाफ बड़हलगंज पुलिस ने गैंगेस्टर की कार्रवाई की थी और उसपर 25 हजार का इनाम घोषित किया था।

15 दिन में पांचवां एनकाउंटर, नवें बदमाश के पैर में लगी गोली

जिले में लूट, मर्डर, छिनैती, पशु तस्करी सहित अन्य अपराधों में शामिल बदमाशों की खैर नहीं है। करीब 15 दिनों के भीतर पुलिस टीम ने पांचवां एनकाउंटर किया, जिसमें नवें बदमाश को गोली लगी।

निशाना अचूक, घुटने के नीचे रहती गोली

बदमाशों से भिडऩे वाली टीम का निशाना अचूक है। सभी एनकाउंटर में बदमाशों को घुटने के नीचे गोली लगी है। पुलिस की गोली से घायल बदमाश अस्पताल में उपचार कराने के बाद जेल भेजे जा रहे हैं। बदमाशों को गोली मारने वाली पुलिस टीम को उनकी तीमारदारी भी करनी पड़ती है।

हाल के दिनों में बदमाशों से हुई मुठभेड़

02 मई 2022: बेलघाट एरिया में आजमगढ़ के पशु तस्कर से मुठभेड़, पशु तस्कर घायल हुआ।

17 अप्रैल 2022: चौरीचौरा एरिया के सोनबरसा में जौनपुर के पशु तस्कर इमरान पुत्र नूर मोहम्मद के पैर में गोली लगी।

25 अप्रैल 2022: रामगढ़ताल पुलिस की दो लुटेरों से मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 32 लाख की लूट आरोपित चिलुआताल के मोहरीपुर निवासी मनोज और बेलघाट के सिंधवान निवासी अजीत उर्फ सोनू बाबा के पैर में गोली लगी।

26 अप्रैल 2022: खोराबार ट्रिपल मर्डर के आरोपित ने पुलिस कर्मचारियों की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की। इस दौरान संतकबीरनगर निवासी आलोक पासवान के पैर में गोली लगी।

29 अप्रैल 2022: बिहार के कटिहार गैंग की छावनी रेलवे स्टेशन के पास चार बदमाशों से पुलिस की भिड़ंत हुई। इस दौरान कटिहार के कोड़ा थाने के जुराबगंज गांव के बदमाश हैरान कुमार, शिवा, विरेंद्र और करन उर्फ संजय के पैर में गोली लगी थी।

वर्जन

बेलघाट में पशु तस्कर के एक्टिव होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने घेराबंदी की तो वह गोली चलाकर भागने लगा। जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल हुआ। उससे पूछताछ करके जानकारी ली जा रही है।

डॉ। विपिन ताडा, एसएसपी गोरखपुर