तिवारीपुर में हुई घटना, पुलिस कर रही जांच

सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की तलाश

जिले में ज्वेलरी चमकाने के बहाने लोगों को लाखों रुपए का चूना लगाने वाले जालसाज सेल्समैन की तरह काम करते हैं। शनिवार को तिवारीपुर एरिया के माधोपुर में ज्वेलरी चमकाने पहुंचे युवकों ने खुद को सेल्समैन बताया। युवकों के झांसे में आकर महिला ने अपने घर की सारी ज्वेलरी सफाई के लिए दे दी। मौका देखकर दोनों जालसाज फरार हो गए। इसके पूर्व एक माह के भीतर आधा दर्जन से अधिक जालसाजी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

बाइक सवार युवक पहुंचे, महिला को दिया झांसा

माधोपुर निवासी सुशीला देवी ने पुलिस को बताया कि शनिवार की दोपहर घर के बाहर बैठी थी। तभी बाइक सवार दो युवक पहुंचे। दोनों ने खुद को एक कंपनी का सेल्समैन बताते हुए महिला को झांसे में लिया। उसे बताया कि पुरानी ज्वेलरी को चमकाकर नया बना देंगे। महिला का पायल चमकाकर जालसाजों ने उनको अन्य गहने लाने को कह दिया। पायल की चकम लौटने पर वह युवकों की बातों में आ गई। दो मंगलसूत्र, एक झुमका, दो टप्स दे दिया। गर्म पानी लाने के बहाने सुशीला को घर में भेजकर जालसाज फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर लोगों को जानकारी हुई। रविवार को सुशीला ने पुलिस को सूचना दी। अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके पुलिस जांच में जुटी है। एसओ सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि केस दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।