- रामगढ़ताल एरिया के गायघाट में हुई घटना

- पांच के खिलाफ दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा

GORAKHPUR:

रामगढ़ताल एरिया के गायघाट में गर्लफ्रेंड संग घूमकर लौट रहे युवक की पीटकर हत्या कर दी गई। घटना सोमवार देर रात हुई। युवक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। एसपी सिटी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है। एक व्यक्ति को अरेस्ट कर लिया गया है। अन्य की तलाश में पुलिस टीम लगी है। युवक के मोबाइल फोन को बरामद कर लिया गया है।

रिश्तेदारी की युवती से प्रेम

झंगहा, जीतपुर निवासी लौहर निषाद (27) परदेस में रहकर कमाता था। अप्रैल में उसकी बहन की शादी थी, इसलिए वह घर आया। 17 जुलाई को उसे चाचा संग वापस काम पर लौटना था। लेकिन उसने मना करते हुए अपना टिकट लौटा दिया। लौहर की रिश्तेदारी गायघाट बुजुर्ग के निषाद टोले में है। वहां वह अक्सर आता-जाता रहता था। इस दौरान उसकी जान पहचान एक युवती संग हो गई। रिश्तेदारी में जाने के बहाने वह युवती से मिलने पहुंच जाता था। दोनों के बीच प्रेम संबंधों की चर्चा मोहल्ले में भी होने लगी।

जानकारी होने पर बिफरे परिजन

सोमवार शाम लौहर निषाद अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा। एक सहेली के घर जाने की बात कहकर युवती उसके साथ घूमने चली गई। देर रात को लौहर युवती को लेकर मोहल्ले में पहुंचता, इसके पहले युवती के घरवाले फोरलेन पर पहुंचकर उनके आने का इंतजार करने लगे। तभी लौहर और उसकी गर्लफ्रेंड नजर आए। दोनों को देखकर युवती के परिजनों ने पिटाई शुरू कर दी। लौहर पर ईट से हमला कर दिया। उसके सिर को इस कदर कुचल दिया कि उसकी मौत हो गई। किसी ने इसकी सूचना युवक के रिश्तेदारों को दी। आनन-फानन में रिश्तेदारों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे डेड बताया। युवक के परिजनों ने सुरेश निषाद, रमेश निषाद सहित पांच अन्य के खिलाफ तहरीर दी। केस दर्ज करके पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई। शाम तक पुलिस ने एक आरोपित को दबोच लिया। पुलिस अन्य की तलाश में छापेमारी करती रही।

कसम निभाकर फना हो गया लौहर निषाद

पुलिस जांच में सामने आया कि युवक और युवती के बीच लंबे समय से जान पहचान थी। दोनों मोबाइल पर अक्सर बात करते थे। धीरे-धीरे मिलने-जुलने का सिलसिला शुरू हो गया। दोनों के बीच प्रेम संबंधों की जानकारी आसपास के लोगों से होती हुई पूरे मोहल्ले में फैल गई। युवती के घरवाले जब बाहर जाते थे तो अक्सर कोई न कोई इस बात को लेकर टोक देता था। युवती के परिजनों को यह बात नागवार गुजरने लगी। इसलिए उन लोगों ने सबक सिखाने का फैसला कर लिया। उधर, लौहर युवती से मुलाकात के दौरान अक्सर जान देने की बात करता था। सोमवार रात भी उसके साथ ऐसा ही हुआ। जब वह प्रेमिका से मिलकर लौट रहा था। तब उसने कहा था कि वह उसके लिए अपनी जान भी दे सकता है।

युवक के मर्डर में नामजद केस दर्ज कर लिया गया है। रामगढ़ताल पुलिस एक आरोपित को हिरासत में लेकर अन्य की तलाश में जुटी है। जल्द ही सभी को अरेस्ट कर लिया जाएगा।

सोनम कुमार, एसपी सिटी