- राजघाट पुलिस ने किया खुलासा, एक आरोपित अरेस्ट

- पहले साथ पी शराब, फिर झगड़े में ईंट से कुचलकर ले ली जान

GORAKHPUR:

राजघाट एरिया में राप्ती नदी के पास अ‌र्द्धनिर्मित मकान में हुए मर्डर का खुलासा गुरुवार को पुलिस ने कर दिया। घटना में शामिल एक आरोपित सिकरीगंज के बाबू साहब लोग का पुरवा निवासी संदीप चौहान ने पकड़े जाने पर पूरी कहानी बताई। संदीप चौहान ने अपने दोस्त संपत के साथ मिलकर युवक की हत्या की थी। पुलिस संपत की तलाश में जुटी है। एसपी सिटी सोनम कुमार ने बताया, जल्द ही दूसरे आरोपित को पकड़ लिया जाएगा।

निर्माणाधीन मकान में मिली थी बॉडी

17 जुलाई को टीपीनगर में निर्माणाधीन मकान में एक युवक की बॉडी मिली थी। ईट से सिर कुचलकर उसकी हत्या की गई थी। काफी प्रयास के बाद मृत युवक के बारे में सिर्फ इतनी जानकारी मिली कि वह भूतनाथ है। जो दो माह से राजघाट एरिया में घूमकर मजदूरी करता था। उसकी जान- पहचान रामगढ़ताल एरिया के मंझरिया निवासी संपत और संदीप चौहान संग थी। सभी एक साथ मजदूरी करते थे। शाम को खाली होने पर एक साथ खाना-पीना करते थे। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज देखा तो दोनों की पहचान हो गई।

रुपए के विवाद में सिर पर दे मारी ईट

गुरुवार दोपहर इंस्पेक्टर विनय कुमार सरोज को आरोपित संदीप के बारे में जानकारी मिली। पुलिस टीम ने उसे अरेस्ट कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि भूतनाथ ने संपत से रुपए उधार लिए थे। लेकिन वह पैसा नहीं लौटा रहा था। घटना के दिन भी सभी ने एक साथ बैठकर शराब पी। तभी रुपए की बात पर ही उनके बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर संपत और संदीप ने ईट से उसका सिर कुचल दिया। पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।