गोरखपुर (ब्यूरो) 5.2 करोड़ की लागत से सहजनवां में बन रही वर्कशॉप, प्रतिदिन 48 ट्रांसफॉर्मरों की होगी रिपेयरिंग

रेलवे स्टेशन में जगह कम होने के चलते सहजनवां सबस्टेशन परिसर में बन रही वर्कशॉप

मई के पहले हफ्ते में इसे चालू कर दिया जाएगा। वर्कशॉप निर्माण के बाद एक साथ 48 ट्रांसफॉर्मरों रिपेयर होंगे। अभी रोजाना अधिकतम 24 ट्रांसफॉर्मर ही रिपेयर होते है।

अतिक्रमण से प्रॉब्लम

बिजली निगम की वर्कशॉप रेलवे स्टेशन रोड पर है। वर्कशॉप के रास्ते अतिक्रमण होने से वाहनों के आने-जाने में प्रॉब्लम होती है। वर्कशॉप के आगे की सड़क ऊंची होने के कारण बारिश होते ही पानी भर जाता है। इससे ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत पर असर पड़ता है। काफी समय से एक और वर्कशॉप के निर्माण पर मंथन चल रहा था। विद्युत वितरण निगम लिमिटेड वाराणसी के एमडी शंभू कुमार ने नये वर्कशॉप के लिए हरी झंडी दे दी थी। इसके बाद से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। इस समय 80 परसेंट से ज्यादा कार्य हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि अप्रैल में निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद मई महीने से ट्रांसफॉर्मरों रिपेयरिंग का कार्य चालू कर दिया जाएगा।

बाट दिए जाएंगे एरिया, होगी आसानी

सहजनवां में वर्कशाप का निर्माण होने के बाद सिकरीगंज खंड, कौड़ीराम और विद्युत वितरण खंड द्वितीय क्षेत्र में जले ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत यहीं हो जाएगी। इन खंड क्षेत्रों के ट्रांसफॉर्मर महानगर में नहीं भेजे जाएंगे। चौरीचौरा, कैंपियरगंज और महानगर सर्किल के जले ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित वर्कशॉप में हो जाएगी। इससे ट्रांसफॉर्मरों को ले आना और ले जाना तो सुलभ होगा ही, महानगर की वर्कशॉप में दबाव कम हो जाएगा।

900 ट्रांसफॉर्मर रखे जाएंगे रिजर्व

दो वर्कशॉप शुरू हो जाने के बाद गर्मी के पहले 900 ट्रांसफॉर्मर रिजर्व में रखे जा सकेंगे। अभी एक वर्कशॉप में लगभग 450 ट्रांसफॉर्मर रिजर्व रखे जाते हैं। कहीं ट्रांसफॉर्मर जलने की स्थिति में रिपेयर ट्रांसफॉर्मरों को भेजा जाता है। अचानक ट्रांसफॉर्मर ज्यादा जल जाते हैं। तो वर्कशॉप में रिपेयर ट्रांसफॉर्मर की कमी हो जाती है।

सहजनवां स्थित सबस्टेशन परिसर में नया वर्कशॉप का कार्य तेजी से चल रहा है। अप्रैल महीने तक कार्य पूरा हो जाएगा। उम्मीद है कि मई महीने में वर्कशॉप में ट्रांसफॉर्मरों की रिपेयरिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

- ई। मुदिम तिवारी, एक्सईएन वर्कशॉप