गोरखपुर (ब्यूरो) यहां शोहदे के खौफ के कारण एक टीचर ने स्कूल जाना छोड़ दिया। वहीं दूसरी तरफ राह चलती छात्रा को शोहदे बाइक पर जबरदस्ती बैठाने का भी प्रयास कर चुके हैं। हालांकि, पुलिस ने हर मामले में आगे बढ़कर शोहदों पर कार्रवाई भी की है, लेकिन कार्रवाई का असर शोहदों पर कुछ खास नहीं पड़ा है, यही वजह है कि आए दिन छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं।

स्पेशल टीम भी फेल

छेड़छाड़ की घटनाएं रोकने और महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारी की जानकारी देने के लिए पुलिस की टीम बनाई गई है। मिशन शक्ति के तहत महिलाओं छात्राओं को अवेयर भी किया जा रहा है। जिले के सभी थानों में शेरनी दस्ता बनाया गया है। जिसमे महिला और पुरूष पुलिस कर्मी शामिल हैं। हर थाने में दो-दो स्कूटी दी गई है। बावजूद इसके घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।

नार्थ में घटी घटनाएं

19 फरवरी: पीपीगंज में प्राइवेट कॉलेज में पढ़ाने वाली टीचर ने शोहदे की दहशत से स्कूल जाना ही छोड़ दिया। स्कूल जाते समय शोहदा टीचर पर शादी करने का प्रेशर बनाता था। मां की तहरीर पर आरोपित गोलू यादव पर मुकदमा दर्ज किया गया।

18 फरवरी: पिपराइच में कोचिंग पढ़कर आ रही छात्रा को रोककर शोहदे ने छेड़खानी की। छात्रा ने बताया कि शोहदा रोज कमेंट करता है। पब्लिक ने दौड़ाकर शोहदे को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने सतीश प्रजापति पर केस दर्ज किया।

15 फरवरी: सहजनवां एरिया मेें स्कूल जाते समय छात्रा को दो मनचलों ने रोककर छेड़छाड़ की। इतना ही नहीं बाइक सवार मनचलों ने छात्रा का हाथ पकड़कर खींचने की भी कोशिश की थी। जिसके बाद मुकदमा दर्ज हुआ।

8 फरवरी: गुलरिहा एरिया में पैदल स्कूल जा रही छात्रा की टोपी छीनकर उसे बाइक पर बैठाने का प्रयास शोहदे ने किया। पिता की तहरीर पर शोहदे पर मुकदमा दर्ज हुआ। ये बता दें कि नार्थ एरिया का गुलरिहा थाना जो कि 20 फरवरी को गोरखनाथ सर्किल में शामिल हुआ है।

अन्य एरिया में हुई छेड़छाड़ की घटनाएं -

19 फरवरी: खजनी क्षेत्र में युवती को शोहदा परेशान कर रहा था। युवती की शादी तय है। यह जानकर शोहदा इंस्टाग्राम पर युवती की आपत्तिजनक फोटो प्रसारित करने लगा।

15 फरवरी: शाहपुर एरिया मेें एक तरफा प्यार में शोहदे ने वर पक्ष को युवती की आपत्तिजनक फोटो भेजकर उसकी शादी तुड़वा दी। 6 मार्च को युवती की शादी होने वाली थी। गोरखनाथ एरिया के अजेन्द्र प्रताप पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।

12 फरवरी: विजय चौक पर कोचिंग से निकल रही छात्राओं पर फब्तियां कसते हुए अटल बिहारी मौर्य को पुलिस ने अरेस्ट किया। वह डेली विजय चौक पर खड़ा होकर छात्राओं पर फब्तियां कसता था।

11 फरवरी: रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में नहाते समय महिला का वीडियो बनाकर मनचला परेशान करने लगा। महिला ने बात नहीं मानी तो उसका वीडियो फेसबुक पर वायरल कर दिया। पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।

थाना - 29

थाने पर वितरित करने के लिए स्कूटी - 56

हर थाने पर स्कूटी - 2-2