गोरखपुर (ब्यूरो)।कॉलोनी के लोगों का कहना है कि दो दशक से ऊपर सड़क-नाली समेत मूलभूत समस्याएं हैं। अफसरों से गुहार पर गुहार लगाई गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अब सीएम योगी के जनता दरबार का सहारा है। 27 नवंबर को सीएम योगी गोरखपुर आ रहे हैं। जनता दरबार में उनके मिलने की तैयारियां चल रही हैं। अब उनसे विकास की उम्मीद है। बता दें कि कॉलोनी को सीताराम जायसवाल (अब मेयर), शोभित मोहन, जीवन कुमार चौधरी, राधेरमण व एक अन्य की ओम बिल्डर रियल एस्टेट की ओर से बसाई गई थी। अब यहां की सड़कें गांवों से भी बदतर हैं। गोरखनाथ एरिया में बसी इस सिटी से नगर निगम टैक्स भी वसूलता है।

पीपी श्रीवास्तव ने पोर्टल पर लगाई थी गुहार

कॉलोनी के पीपी श्रीवास्तव ने जनसुनवाई पोर्टल पर सड़क, नाली निर्माण के लिए गुहार लगाई थी। 9 नवंबर को लिखे पत्र के संदर्भ में नगर निगम ने जवाब दिया कि नगर निगम की वित्तीय स्थिति ठीक नहीं है। इससे कार्य कराए जाने में कठिनाई है। धन उपलब्ध होने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। यह जानकारी मिलने पर कॉलोनी के लोगों धैर्य और टूट गया।

ग्रीन सिटी के लोग बोले अब- सीएम से उम्मीदें

ग्रीन सिटी में रहने वालों का कहना है कि अब सीएम योगी ही कॉलोनी के विकास करा सकते हैं। दो दशक से अफसरों से शिकायत कर सभी लोग थक गए हैं। वर्ष 2007 में सांसद रहते हुए योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी, तब उन्होंने नगर निगम को विकास के लिए पत्र भी लिखा था। लेकिन अफसरों ने दरकिनार कर दिया था। अब वह सीएम हैं, उनके मुलाकात कर कॉलोनी की दुर्दशा बताई जाएगी। साथ विकास के लिए गुहार लगाई जाएगी।

ग्रीन सिटी कॉलोनी में विकास कराने के लिए सीएम योगी से मुलाकात करने की तैयारियां चल रही हैं। सीएम 27 नवंबर को आने वाले हैं। 28 नवंबर को जनता दर्शन में उनसे मिलकर कालोनी की दुर्दशा बताई जाएगी। अफसरों ने दो दशक से केवल छलावा किया है।

- पं। नरेंद्र उपाध्याय, संरक्षक, ग्रीन सिटी वेलफेयर सोसाइटी

अफसरों से शिकायत कर अब लोग थक चुके हैं। अब सीएम योगी का ही सहारा है। उनके मुलाकात की तैयारियां चल रही हैं। जनता दर्शन में मिलकर उनसे कालोनी के बारे में बताया जाएगा। सीएम योगी से काफी उम्मीदें हैं।

- कुलदीप सिंह, अध्यक्ष, ग्रीन सिटी वेलफेयर सोसाइटी

अफसरों के मनमाने रवैये के चलते ही ग्रीन सिटी फेज वन का विकास दो दशक से बाधित है। अब सीएम योगी से जनता दर्शन में मुलाकात की तैयारी की जा रही है। उनसे मिलकर सारी बातों की जानकारी दी जाएगी।

- सत्येंद्र त्रिपाठी, उपाध्यक्ष, ग्रीन सिटी वेलफेयर सोसाइटी

ग्रीन सिटी फेज वन और टू में करीब 50 करोड़ की लागत का ड्रेनेज प्रोजेक्ट एप्रूव हो गया है। जिसका टेंडर कर दिया गया है। सर्वे काम चल रहा है, जल्द काम भी शुरू हो जाएगा। इसी बीच सड़क, नाली का प्रोजेक्ट भी बनाया जाएगा।

- संजय चौहान, चीफ इंजीनियर, नगर निगम