गोरखपुर (ब्यूरो)। मंगलवार को नगर निगम कर्मचारी समन्वय समिति के अध्यक्ष राम प्रकाश सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने प्रदर्शन भी किया था। बुधवार को अफसरों से मुलाकात कर पत्रक देकर आरोपितों की गिरफ्तारी की भी मांग की। अध्यक्ष ने बताया कि कर्मचारी को न्याय मिलना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो कर्मचारी काम नहीं कर पाएंगे। अपर नगर आयुक्त ने एसपी सिटी से बातकर आक्रोशित निगम कर्मचारियों के डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन ठप करने की बात से अवगत कराया है।

ये था मामला

डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए सोमवार को वार्ड नंबर 60 विकासनगर में चालक मनोज सिंह पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने पिटाई कर दी थी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। तहरीर पर गोरखनाथ थाने की पुलिस ने वार्ड नंबर 60 विकास नगर निवासी दिनेश शर्मा, राकेश शर्मा एवं अमन शर्मा के विरुद्ध एफआइआर दर्ज की थी। हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नगर निगम कर्मचारी समन्वय समिति के अध्यक्ष राम प्रकाश ङ्क्षसह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने धरना दिया था। अब नगर निगम अफसरों को पत्र देकर चेतावनी दी है कि अगर हमलावरों की गिरफ्तारी 8 फरवरी तक नहीं हुई तो 9 फरवरी से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन ठप कर दिया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन कर दी चेतावनी

हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कर्मचारियों ने नगर निगम स्थित रानी लक्ष्मीबाई पार्क में धरना दिया। नगर निगम कर्मचारी समन्वय समिति के अध्यक्ष राम प्रकाश ङ्क्षसह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कहा कि पुलिस जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी करे वरना आंदोलन को और तेज किया जाएगा। निगम कर्मचारी दिन-रात सभी के लिए काम कर रहे हैं। इस तरह कर्मचारियों को मारना पीटना निंदनीय है।

मामले में आरोपितों पर केस दर्ज हो चुका है। पुलिस के अफसरों से बात भी की गई है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार करने का आश्वासन मिला है।

दुर्गेश मिश्र, अपर नगर आयुक्त