गोरखपुर (ब्यूरो)।गोरखपुर में हाल फिलहाल में कई घटनाएं हुईं हैं जिसे खास तौर से महिला चोरों ने अंजाम दिया है। इस समय गोरखपुर सिटी महिला चोरों के निशाने पर है। यहां पर गुजरात, हरियाणा, सीतापुर और संतकबीर नगर जिले से चोरी और लूटपाट करने महिलाएं आई हैं।

शादी समारोह में उड़ा दिए लाखों के गहने

कोतवाली एरिया के एक मैरिज हाउस में शादी के दौरान दुल्हन के करीब 5 लाख के गहने चोरी हो गए। नवंबर में कोतवाली इलाके के धम्माल मोहल्ले के रहने वाले अब्दुल वाहब खान के छोटे बेटे नुमान खान का निकाह था। नुमान की बारात उनके घर से निकलकर शिप्रा लॉन पहुंंची। बारात पहुंचते ही परिवार के सभी लोग निकाह की रस्मों में व्यस्त हो गए। इस बीच रात करीब 11 बजे 4 महिलाएं और दो पुरुष बाकायदा तैयार होकर मैरिज हाउस में दाखिल हुए, जिनमें से दो महिलाएं कमरे में घुस गईं और जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गईं।

नहीं पकड़ी गईं चोरनी

कैमरे में महिलाओं के आने और जाने की फुटेज भी कैद हो गई। यह गैंग बकायदा कार से आया था। नवंबर में हुई इस घटना का अभी तक पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। जबकि सीसीटीवी फुटेज से महिलाओं की फोटो निकालकर वायरल भी की गई।

अहमदाबाद की चोरनी ने उड़ाया था हार

बलदेव प्लाजा स्थित ज्वेलरी शॉप में 17 नवंबर को एक महिला ने दस लाख के हार पर कस्टमर बनकर हाथ साफ कर दिया। सीसीटीवी कैमरे में महिला की चोरी करते करतूत कैद हो गई थी। जनवरी में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चोरी करने वाली महिला को अहमदाबाद से अरेस्ट किया। महिला की पहचान पूनम और पुर्नी बेन के रूप में हुई। पूनम कई स्टेट में चोरियां कर 8 बार जेल जा चुकी है।

मेले से धराई हरियाणा की चोरनी

मेले और लगन को देखते हुए हरियाणा से 8 महिलाओं की गैंग चोरी का प्लान बनाकर ट्रेन से गोरखपुर पहुंची। 15 जनवरी को मेले में एक महिला से चेन की छिनैती हुई। सीसीटीवी कैमरा खंगाला गया तो उसमे एक महिला गले से चेन छिनती दिखी। फुटेज के आधार पर तीन महिलाओं को गोरखनाथ पुलिस ने कुछ ही घंटों में ढूंढ निकाला। पकड़ी गई महिलाओं ने बताया कि वे चोरी का प्लान बनाकर गोरखपुर आई थीं। उनके साथ पांच और महिलाएं आई थी, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।

सीतापुर की चोरनी ने छीन लिया पर्स

गोरखनाथ खिचड़ी के मेले में 14 जनवरी को एक महिला का पर्स छीन लिया गया। उसके पर्स में 1120 रुपए थे। सीसीटीवी कैमरा खंगालने के बाद दो महिलाओं को पुलिस ने अरेस्ट किया। दोनों की पहचान सीतापुर जिले की काजल और नेहा के रूप में हुई।

संतकबीर नगर की महिला चोर धराई

पिपराइच एरिया में मोटेश्वर नाथ मंदिर में एक महिला के साथ चेन स्नेचिंग की घटना हुई। इस मामले में संतकबीर नगर की रूबी को पुलिस ने अरेस्ट किया। खिचड़ी चढ़ाते समय भीड़ का फायदा उठाते हुए रूबी ने महिला के गले से चेन उड़ाई थी।

चोरी की पिछली घटनाओं में बाहर से आई महिला चोरों को अरेस्ट किया गया है। जो भी अपराध करेगा चाहे वो महिला हो या पुरुष। उसे बख्शा नहीं जाएगा। शादी ब्याह के घर में लोगों को खास तौर से मैरिज हाउस में अलर्ट मोड मे रहना चाहिए।

कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी सिटी