शाहपुर एरिया में हेड मास्टर मर्डर कांड में मिले क्लू

आरोपियों के पकड़े जाने पर सामने आएगी सही वजह

शाहपुर एरिया के राजीव नगर मोहल्ले में टीचर निवेदिता उर्फ डेविना मेजर मर्डर में शामिल शूटर्स के करीब पुलिस पहुंच चुकी है। शूटर की गिरफ्तारी होते पुलिस इस केस का पर्दाफाश कर देगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छानबीन में कुछ चौंकाने वाली जानकारी मिली। इसके आधार पर जांच जारी रखी गई। जल्द आरोपित अरेस्ट कर लिए जाएंगे।

किसने चलाई गोली, पुलिस को मिली जानकारी

20 सितंबर की दोपहर शाहपुर, बशारतपुर, राजीव नगर में टीचर डेविना और उनकी बेटी पर बाइक सवार बदमाशों ने गोली चलाई थी। बदमाशों के हमले में टीचर की गोली लगने से मौत हो गई। उनकी बेटी घायल हो गई। इस मामले में रास्ते के विवाद को लेकर चल रही रंजिश में नामजद एफआईआर दर्ज किया। लेकिन महिला के पति की तहरीर पर लूट की कोशिश के लिए गोली मारने का मामला बताते हुए पुलिस ने नामजद एफआईआर दर्ज किया। छानबीन में रंजिश की कहानी से ठोस क्लू नहीं मिले। इसके बाद रुपए के लेनदेन पर बात टिक गई। लेकिन इसके अलावा पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस के जरिए कुछ जानकारी हासिल की। शूटर की पहचान करने में पुलिस को कामयाबी मिली।

ठिकानों पर दबिश, निकल जा रहे बदमाश

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल शूटर को अरेस्ट करने के बाद पर्दाफाश किया जाएगा। उनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। उनके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। लेकिन वे कहीं दूसरी जगह निकल जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पकड़े जाने पर शूटर खुद साजिशकर्ता को बेनकाब कर देंगे। इस बात की जानकारी सामने आ जाएगी कि उन लोगों ने मां-बेटी पर गोली क्यों चलाई थी। शाहपुर थाना और क्राइम ब्रांच की पुलिस की टीम बदमाशों की तलाश में जुटी है।

वर्जन

इस मामले की छानबीन में मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। जल्द शूटर पकड़ लिए जाएंगे। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है।

डॉ। कौस्तुभ, एसपी सिटी