- गोरखपुर के एक लाख के इनामी राघवेंद्र की सूचना अपडेट नहीं करा सके पुलिस अधिकारी

GORAKHPUR: कानपुर के चौबेपुर थाने के बिकरू में आठ पुलिस कर्मचारियों का मर्डर करने वाले कुख्यात विकास दुबे की तलाश यूपी पुलिस कर रही है। गोरखपुर जोन के नेपाल बार्डर से सटे मोहल्लों-कस्बों में फोटो चस्पा कर ढाई लाख के इनामी के बारे में सूचना देने की अपील की जा रही है। हर जिले में इसको लेकर अलर्ट जारी किया गया है। लेकिन यूपी पुलिस की अपनी वेबसाइट पर मोस्ट वांटेड की जगह पर विकास दुबे के बारे में कोई जानकारी अपडेट नहीं है। यह हाल तब है जब पुलिस के लिए एक कुख्यात खुलेआम चुनौती बन चुका है। विकास को हाल फिलहाल में वांटेड घोषित किया गया है। लेकिन इसके पूर्व दो साल से अधिक समय से गोरखपुर का एक लाख का इनामी राघवेंद्र फरार है। उसके बारे में भी कोई सूचना अपडेट नहीं की गई है।

फ्लैश हो रहे 19 वांटेड, ज्यादातर 50 हजारी

यूपी पुलिस की ऑफिशियल वेबसाइट पर मोस्ट वांटेड के बारे में जानकारी दी गई है। इसके मेटीनेंस और वांटेड क्रिमिन्लि्स के बारे में सूचनाएं अपडेट करने की जिम्मेदारी आईजी क्राइम आफिस, लखनऊ के जिम्मे होती है। इस साइट पर मंगलवार शाम छह बजे तक कुल 19 वांटेड की तस्वीरें, उनके नाम, पते सहित इनाम की राशि फ्लैश हो रही थी। इनमें न तो कानपुर के ढाई लाख के इनामी विकास दुबे की कोई तस्वीर थी और न ही गोरखपुर के राघवेंद्र यादव के संबंध में कोई जानकारी दी गई थी। वेबसाइट के अनुसार, ज्यादातर फरार चल रहे बदमाशों पर महज 50-50 हजार रुपए के इनाम घोषित हैं। गिनेचुने शातिरों पर दो लाख और एक लाख रुपए की रकम जारी की गई है। जबकि इन सबसे ज्यादा इनाम विकास दुबे पर ढाई लाख रुपए का घोषित किया जा चुका है।

साइट पर इनका है नाम

1. शहाबुद्दीन दो लाख रुपए

2. अर्तुरहमान दो लाख रुपए

3. हरीश दो लाख रुपए

4. गौरी यादव एक लाख रुपए

5. मोनू गुर्जर 50 हजार

6. विनोद कुमार 50 हजार

7. सलीम 50 हजार

8. संजीव नाला 50 हजार

9. सुधीर 50 हजार

10. राम नरेश ठाकुर 50 हजार

11. विश्वास नेपाली 50 हजार

12. सुनील यादव 50 हजार

13. अजीम अहमद 50 हजार

14. मनीष सिंह 50 हजार

15. बहार 50 हजार

16. सैद अहमद सिद्दीकी 50 हजार

17. पिंटू 50 हजार

18. आफताब आलम 50 हजार

19. शिव? सिंह 50 हजार

नेपाल बार्डर पर चस्पा हुए पोस्टर

कानपुर से फरार विकास दुबे के नेपाल बार्डर पार करने की संभावना में पुलिस चौकियों, थानों सहित अन्य जगहों पर पोस्टर चस्पा किए गए हैं। विकास दुबे की फोटो हर पुलिस अधिकारी को भेज दी गई है। साथ ही थानेदार, चौकी प्रभारी, क्राइम ब्रांच सहित अन्य पुलिस कर्मचारियों को भी विकास की फोटो देकर तलाश करने को कहा गया है।

कौन है राघवेंद्र, क्यों चल रहा फरार

झंगहा एरिया के सुगहा का रहने वाला राघवेंद्र गोरखपुर का सबसे बड़ा इनामी है। उसके खिलाफ एक लाख रुपए का इनाम है। दो बार में चार लोगों की दिनदहाड़े हत्या करने वाला शातिर पुलिस की पकड़ से दूर है। उसने 2016 और 2018 में डबल मर्डर किए थे।

क्यों अपलोड नहीं साइट पर ताजा जानकारी

यूपी पुलिस की वेबसाइट पर गोरखपुर के एक लाख के इनामी की जानकारी क्यों नहीं अपलोड है। इस संबंध में अधिकारी सही जानकारी नहीं दे पा रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में सूचनाएं डीजीपी हेड क्वार्टर को भेज दी जाती हैं। लेकिन ये लंबी प्रक्रिया में उलझ जाती है। कुछ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिन वांटेड के नाम वेबसाइट पर अपडेट किए गए हैं। वह काफी पुराने हैं। हाल के दिनों में इनामी राशि बढ़ने से तमाम बदमाश इस कैटेगरी में आ गए हैं।