- सुबह 10.15 बजे बाई रोड स्मारक पहुंचीं गवर्नर

- विधायक, मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने भेंट किया स्मृति चिन्ह

GORAKHPUR: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बुधवार की सुबह चौरी चौरा पहुंचकर चार फरवरी 1922 की घटना के बाद शहीद हुए सत्याग्रहियों के स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया। सुबह 10.15 बजे पहुंचीं राज्यपाल चौरी चौरा में 15 मिनट तक रहीं। इसके बाद वह देवरिया के लिए रवाना हो गईं।

देवरिया जाते वक्त पहुंची स्मारक

दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को आयीं राज्यपाल रात्रि विश्राम के बाद सुबह सड़क मार्ग से देवरिया के लिए रवाना हुईं। शहीदों को नमन करने के लिए वह रास्ते में चौरी चौरा स्मारक पहुंचीं थीं। राज्यपाल ने संग्रहालय में स्थापित शहीदों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं को देखा और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उनके साथ राज्य मंत्री संदीप सिंह भी मौजूद रहे। राज्यपाल एवं राज्यमंत्री संदीप सिंह को स्थानीय विधायक संगीता यादव, मंडलायुक्त जयंत नार्लिकर, जिलाधिकारी के। विजयेंद्र पाण्डियन ने स्मृति चिन्ह प्रदान किया। इस दौरान आइजी राजेश डी मोडक, डीआइजी/एसएसपी जोगेंद्र कुमार के साथ मुकामी लोग मौजूद रहे।

अचानक सुबह तय हुआ कार्यक्रम

राज्यपाल के आगमन को लेकर जारी आधिकारिक कार्यक्रम में उनका चौरी चौरा जाने का कार्यक्रम शामिल नहीं था। मंगलवार को मदन मोहन मालवीय यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी के दीक्षा समारोह में शामिल होने के बाद राज्यपाल ने कृषक उत्पादक संगठन, प्रगतिशील किसान एवं महिला स्वयं सहायता समूह व एनजीओ के पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। रात्रि विश्राम के बाद उन्हें बुधवार की सुबह 10 बजकर पांच मिनट पर देवरिया के लिए सड़क मार्ग से रवाना होना था। सुबह करीब 8.30 बजे सूचना सार्वजनिक हुई कि वह चौरी चौरा शहीद स्मारक भी जाएंगी। हालांकि एहतियात के तौर पर प्रशासन ने पहले से कुछ तैयारी कर रखी थी। राज्यपाल तय समय से पहले गोरखपुर से रवाना हो गईं थीं।