- गांव की ही लड़की से करता है प्यार, घर वालों ने नहीं माना था रिश्ता

- धरी रह गई शादी की पूरी तैयारियां, दुल्हन के पिता ने दी तहरीर

SAHJANWA: एक तरफ शादी की तैयारियां चल रही थीं। दुल्हन दिल में ढेरों अरमान सजाए बैठी थी। लेकिन शादी से एक दिन पहले ही दूल्हा अपनी प्रेमिका संग फरार हो गया। वाकया सहजनवां एरिया की है। बारात गुरुवार को खोराबार एरिया में जानी थी। दोनों परिवारों के नाते-रिश्तेदार जब शादी में शामिल होने के लिए पहुंचे तो लड़के की प्रेम कहानी सुनने को मिली। आहत लड़की के पिता ने सहजनवां थाने में तहरीर देकर लड़की और उसके घर वालों को आरोपित किया है।

वर्षो पुराना प्यार

लड़की के घर वालों ने तहरीर में कहा है कि लड़के वालों ने उनसे सारी बात छुपाई और शादी तय कर दी। लड़का अपने गांव की लड़की से कई वर्षो से प्यार करता था। इस बात की जानकारी उनके घर वालों को थी। अपनी इज्जत बचाने के लिए उन लोगों ने लड़के का जल्दी ब्याह कर देना चाहा। अपनी इज्जत बचाने के लिए उनकी इज्जत दांव पर लगा दी।

शादी की थी पूरी तैयारी

लड़की के घर शादी की पूरी तैयारियां कर ली गई थीं। बारातियों के स्वागत से लेकर खाने-पीने तक के सारे इंतजाम किए गए थे। कुछ नाते-रिश्तेदार पहुंच गए थे। बाकी शादी के दिन पहुंचने वाले थे। ऐन मौके पर सूचना मिली कि लड़का गांव की लड़की के साथ गायब हो गया है। इसके बाद तो लड़के के घर वालों के पसीने छूटने लगा। लड़की के पिता का कहना है कि लड़के के घर वालों ने उन्हें धोखा दिया है। उन्होंने 50 हजार रुपए दहेज भी दिया है। हजारों रुपए खर्च कर दिए। रुपयों के साथ इज्जत भी गई।

अनजान थे घर वाले

लड़के के घर भी बारात निकालने की पूरी तैयारी की गई थी। उनका कहना है कि उन्हें इस बात की तनिक भी भनक नहीं थी कि लड़का ऐसा कर सकता है। वे बार-बार सफाई देने में लगे हैं। देर शाम तक तहरीर थाने में पड़ी थी। दोनों घर वालों में समझौते का प्रयास चल रहा है।

मामले की जानकारी हुई है। यदि लड़की वालों ने चाहा तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

- रोहित सिंह सहजवान, सीओ