गोरखपुर (ब्यूरो)। निगम प्रशासन ने अधिकारियों व अभियंताओं के साथ वर्क प्लान बनाना शुरू करा दिया है। तय किया गया है कि जो भी काम 100 दिन के एजेंडे में शामिल होंगे। उन्हें समय से हर हाल में पूरा किया जाएगा। वर्क प्लान में नगर निगम में शामिल हुए 32 गांवों में उजाला फैलाने पर फोकस किया गया है। गांव से शहर के दायरेे में आने वाले सड़कों के किनारे स्ट्रीट लाइट्स लगाई जाएंगी। इसको लेकर निगम का पथ प्रकाश विभाग एक्शन में आ गया है।

जलनिकासी और सुगम यातायात को भी प्लान में शामिल किया है। पिछले मानसून सीजन में हुए जलभराव को देखते हुए निगम प्रशासन ने जलनिकासी को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। जहां-जहां अधिक दिनों तक जलभराव की स्थिति बनी रही। वहां पर सबसे पहले नालियों का निर्माण कराया जाएगा। लोगों को सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सड़कों के मरम्मत व नई सड़कों के निर्माण को भी वर्क प्लान का हिस्सा बनाया जाएगा।

आर्थिक तौर पर आत्मनिर्भर बनाने की होगी पहल

स्ट्रीट लाइट लगाने, नाली व सड़क निर्माण कराने के साथ ही नगर आयुक्त ने निगम को आर्थिक तौर पर आत्मनिर्भर बनाने के लिए 100 दिन का एजेंडा तय किया है। निगम अब तक हो रही आय को बढ़ाने के लिए समय से टैक्स जमा कराने पर फोकस करेगा। साथ ही आय के नए स्रोत भी तलाशे जाएंगे। इसको लेकर निगम प्रशासन ने मंथन शुरू कर दिया है।

पंपिंग स्टेशनों की बढ़ेगी क्षमता

100 दिन के वर्क प्लान में नगर निगम पंपिंग स्टेशनों की क्षमता को भी बढ़ाने का काम करेगा। शहरी इलाके में होने वाले जलभराव को पंपों से राप्ती नदी में पानी फेंकने के लिए निगम ने 11 पंप लगाए हैं। जिन पंपों की क्षमता कम है उनकी क्षमता बढ़ाकर पानी की निकासी तेज की जाएगी।

वर्जन

100 दिन में कई कार्य कराने के लक्ष्य रखे गए हैं। बारिश शुरू होने से पहले ही कार्यों को पूरा करा लिया जाएगा। पंपों की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी। निगम में शामिल गांवों में स्ट्रीट लाइट लगेगी। नाली व सड़क का भी निर्माण कराया जाएगा। नए आर्थिक स्रोत भी तलाशे जाएंगे

अविनाश सिंह, नगर आयुक्त गोरखपुर