गोरखपुर (ब्यूरो).स्कूलों और विभिन्न संस्थानों में झंडारोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए, जिससे बच्चों ने समां बांधा। रेलवे अधिकारियों ने झंडारोहण किया। रामगढ़ताल एरिया में आजादी का जोरदार जश्न मनाया गया।

डीएम ने ध्वजारोहण के बाद उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस पावन राष्ट्रीय पर्व पर महापुरुषों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के कृत्यों का आदरपूर्ण स्मरण किया जाए। इसी क्रम में रमदत्तपुर स्थित एमपीपीजी गल्र्स कालेज में 75वीं वर्षगांठ के मौके पर फ्लैग होस्टिंग की गई। इस मौके पर प्रिंसिपल डॉ। सीमा श्रीवास्तव समेत टीचर्स मौजूद रही। आर्यनगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर महिला पीजी कॉलेज में प्रिंसिपल डॉ। रीना त्रिपाठी के नेतृत्व में झंडारोहण किया गया, सिविल लाइंस स्थित कार्मल स्कूल में प्रिंसिपल सिस्टर सोनी के नेतृत्व में झंडारोहण किया गया, बच्चों ने हाथ में झंडा लेकर आजादी का अमृत महोत्सव के तहत विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, इसी प्रकार कॉर्मल गल्र्स इंटर कॉलेज में प्रिंसिपल सिस्टर सलिटा के नेतृत्व में बच्चों ने झंडारोहण किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नागरिक सुरक्षा की तरफ से चीफ वार्डन डॉ। संजीव गुलाटी व उप नियंत्रक सत्य प्रकाश के नेतृत्व में वनटांगिया क्षेत्र में झंडारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

रामगढ़ताल में गूंजा जन-गण-मन तो ठहर गया शहर

75वां स्वतंत्रता दिवस गोरखपुर के लिए बेहद खास रहा। रामगढ़ताल के जेट्टी पर आयोजित राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत प्रोग्राम में एक लाख से अधिक लोग शामिल हुए। इसे अब तक का रिकॉर्ड माना जा रहा है। शाम छह बजे जब लोगों ने राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत एक साथ गाए तो कुछ देर के लिए शहर भी थम गया। रामगढ़ताल एरिया में कई किलोमीटर तक लोग तिरंगा लिए खड़े रहे। स्वतंत्रता दिवस पर सुबह से ही लोग रामगढ़ताल एरिया में जश्न मनाने के लिए पहुंच गए थे। मेयर सीताराम जायसवाल, एमएलसी डॉ। धर्मेंद्र सिंह, विधायक पिपराइच महेंद्र पाल सिंह, ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ल, उपसभापति नगर निगम ऋषि मोहन वर्मा, जीडीए सेक्रेट्री उदय प्रताप सिंह, एक्सईएन किशन सिंह, एई एके तायल, यशवंत सिंह आदि शामिल हुए।

भारत माता के लगे जयघोष

राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत के बाद वहां भीड़ ने जमकर भारत माता के जयघोष लगाए। देशभक्ति के तरानों के बीच युवाओं से लेकर बच्चों और महिलाओं में जोश देखने लायक थे।

पैडलेगंज से लेकर नौकायन तक तिरंगा

जीडीए की ओर से पैडलेगंज से लेकर नौकायन तक तिरंगा लगाए गए थे। इसके साथ ही गुब्बारों और फूलों से भी सजावट की गई थी। इससे यहां आने वाले लोगों को सुखद अनुभव हुआ। शाम होते ही लाइटों की रोशनी में तो आने वाले लोगों का उत्साह और बढ़ गया।

एडीजी, डीएम, एसएसपी एडीजी ने लहराया तिरंगा

एडीजी अखिल कुमार, डीएम कृष्णा करुणेश, एसएसपी डॉ। गौरव ग्रोवर जेट्टी पर पहुंचे और तिरंगा तिरंगा लहराकर वहां मौजूद भीड़ की हौसलाअफजाई की।

जीडीए की ओर से आयोजित प्रोग्राम ऐतिहासिक रहा। इसमें एक लाख से अधिक की जुटी भीड़ इसकी प्रमाणिकता साबित कर रही थी। इससे पीएम मोदी के हर घर तिरंगा अभियान को काफी ताकत मिली।

- सीताराम जायसवाल, मेयर

कार्यक्रम बहुत ही शानदार रहा। एक लाख से अधिक जुटी भीड़ के भारत माता के जयघोष से रामगढ़ताल का अलग ही नजारा था। कार्यक्रम के लिए जीडीए वीसी का प्रयास सराहनीय है।

- महेंद्र पाल सिंह, विधायक पिपराइच

रामगढ़ताल के जेट्टी पर आयोजित कार्यक्रम ऐतिहासिक था। नई पीढ़ी का उत्साह देखते ही बन रहा था। प्रधानमंत्री के नए भारत का सपना पूरा हो रहा है।

- प्रदीप शुक्ला, विधायक, सहजनवां

प्रोग्राम की सफलता के लिए गोरखपुर के लोगों का आभार। प्रोग्राम में एक लाख से अधिक भीड़ जुटी और अनुशासन के साथ राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का आयोजन हुआ जो लोगों की देशभक्ति की भावना को दर्शाता है। खास बात यह भी रही कि यहां आने वाले अधिकतर लोगों के पास तिरंगा था, जिनके पास नहीं जीडीए ने मुहैया कराया।

- प्रेम रंजन सिंह, जीडीए वीसी