- शेषपुर मोहल्ले में पानी में आ रहे नाली के कीड़े

- गोरखनाथ एरिया में एक सप्ताह से पानी सप्लाई ठप

- पब्लिक की हालत नहीं सुन रहे जिम्मेदार

GORAKHPUR: जलकल की लापरवाही पब्लिक पर दोहरी मार करने में लगी है। एक तरफ शहर में जहां पिछले एक माह से लगभग एक लाख आबादी को कीड़े वाला पानी मिल रहा है। दूसरी तरफ लगभग 10 हजार लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। कौआदह में 25 लाख रुपए की लागत से डेढ़ साल पहले लगा ट्यूबवेल बालू और कीड़े युक्त पानी दे रहा है। इस कारण गीता प्रेस, शेषपुर और घंटाघर के लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हो गए हैं। वहीं, गोरखनाथ एरिया में तीन माह पहले रिबोर हुए ट्यूबवेल ने पानी देना छोड़ दिया है। इस कारण सिंधी कॉलोनी और गोरखनाथ थाने के पीछे वाले एरिया में एक हफ्ते से पानी सप्लाई ठप है। लोगों की शिकायतों के बावजूद इन हालातों के जिम्मेदार हैं कि समस्या दूर करने की जगह सिर्फ आश्वासन देने में ही लगे हैं।

बालू के साथ कीड़े भी

गीता प्रेस, शेषपुर और घंटाघर एरिया में अभी तक बालू युक्त पानी की समस्या बनी हुई थी। लेकिन अब स्थिति और भी खराब हो गई है। यहां सप्लाई के पानी में कीड़े निकल रहे हैं। इन एरियाज के लगभग तीन हजार घरों में ये गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। स्थिति यह है कि लोगों को मजबूरन ये गंदा और बदबूदार पानी पीना पड़ रहा है। बालू और कीड़े युक्त पानी से सबसे अधिक परेशानी ऐसे परिवारों को हो रही है जिनके घर में आरो सिस्टम नहीं लगा है। उनके घर पानी के लिए जार मंगाना पड़ रहा है। इस कारण वॉटर टैक्स देने के साथ ही डेली 15 से 20 रुपए का पानी जार उनका जेब पर भारी पड़ रहा है।

यहां एक बूंद पानी नहीं

एक तरफ जहां लोग मजबूरन कीड़े वाला पानी पी रहे हैं। वहीं, गोरखनाथ एरिया के सिंधी कॉलोनी से लेकर गोरखनाथ थाने के पीछे तक एक हफ्ते से पेयजल का संकट गहराया हुआ है। एक हफ्ते से यहां पानी नहीं आ रहा है। सिंधी कॉलोनी के लक्ष्मण नारंग ने बताया कि यह बहुत बड़ी प्रॉब्लम है, लेकिन सुनने वाला कोई नहीं है। जब भी किसी से कहा जाता है तो केवल एक ही आश्वासन मिलता है कि ट्यूबवेल सही किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस समय यहां सिंधी महोत्सव का आयोजन भी हो रहा है। इस कारण पानी की किल्लत कहीं ज्यादा बढ़ गई है। शिकायत करने के बावजूद भी जिम्मेदार नहीं सुन रहे।

खराब पानी से हो रही बीमारियां

- डायरिया

- पीलिया

- उल्टी-दस्त

- पेट से जुड़े रोग

- लीवर खराब

- किडनी खराब

कोट्स

शेषपुर एरिया में गंदे पानी की प्रॉब्लम पूरे साल बनी रहती है। जलकल अफसरों से कंप्लेन करने पर वे पुरानी पाइप लाइन का बहाना बनाते हैं। गंदा पानी के चलते लोगों को पेट से संबंधित रोग हो रहे हैं।

- दुर्गेश सैनी, दुकानदार

गंदे पानी के कारण बहुत अधिक प्रॉब्लम हो रही है। इस समस्या का समाधान करने वाला कोई नहीं है। पानी की हालत यह है कि अगर सफेद कपड़े इस पानी से धो दिए जाएं तो वे पीले हो जाते हैं।

- शीला शाह, हाउसवाइफ

हर माह घर के बजट में एक हजार रुपए का एक्स्ट्रा खर्च बढ़ गया है। आरो का कैंडल हर माह ही बदलवाना पड़ता है। पिछले दो साल से यह प्रॉब्लम झेलनी पड़ रही है।

- कौशल्या देवी, बुजुर्ग महिला

पानी सप्लाई की बहुत ही खराब स्थिति है। शेषपुर एरिया की 80 प्रतिशत पाइप लाइन की हालत खराब हो गई है। अगर किसी से कंप्लेन की जाती है तो सिर्फ आश्वासन ही मिलता है।

- सुशील अग्रहरि उर्फ बबलू, सामाजिक कार्यकर्ता