-मेडिकल कॉलेज के निकट सजी ईद मिलादुन्नबी महफिल

GORAKHPUR: मेडिकल कॉलेज के निकट टाइप वन कॉलोनी में ईद मिलादुन्नबी की महफिल सजी। कुरआन-ए-पाक की तिलावत हाफिज किताबुल्लाह ने की। नात-ए-पाक अब्दुल गनी निजामी ने पेश की। संचालन कारी तुफैल अहमद तनवीरी ने किया। सरपस्ती हाफिज अली हसन ने की।

नबी की तालीम पर अमल करें

सदारत करते हुए कारी सद्दाम हुसैन कादरी ने कहा कि हम अपनी जिंदगी को नेक कामों से संवारें और बुराइयों से बचें। नबी-ए-पाक हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम ने पूरी दुनिया को ईमान के साथ दीन-ए-इस्लाम के मुताबिक नेक अमल करने की तालीम दी। नबी-ए-पाक और आपके सहाबा की पैरवी हमारी पहली जिम्मेदारी है, इसलिए नबी-ए-पाक की तालीम पर हम सब अमल करें। रहती दुनिया तक खुलफा-ए-राशिदीन हजरत अबू बक्र, हजरत उमर, हजरत उस्मान, हजरत अली की ख़दिमात को दुनिया भुला नहीं सकती।

हर हाल में महिलाओं को इज्जत दें

मुख्य अतिथि हाफिज व कारी अख्तर रजा नूरानी ने कहा कि हर हाल में अल्लाह का शुक्र अदा कीजिए। नमाज, रोजा, जकात व हज दीन-ए-इस्लाम के स्तंभ हैं इनकी हिफाजत कीजिए। बेटी को बचाइए भी और पढ़ाइए भी। हर हाल में महिलाओं की इज्जत कीजिए। बच्चों को दीनी तालीम हर हाल में दिए जाने की व्यवस्था कीजिए। दुनियावी तालीम भी दिलवाइए। उन्होंने निकाह में होने वाली खुराफातों-फिजूल खर्ची, दहेज मांगने के रिवाज, बैंड-बाजा, खड़े होकर खाने-पीने पर पाबंदी लगाने की अपील भी की। आखिर में सलातो सलाम पढ़कर अमनो अमान की दुआ मांगी गई। शीरीनी बांटी गई। महफिल में सुनव्वर हुसैन, मुनव्वर हुसैन, मासूम अली, मुन्ना अली, सुब्हान अली, हसमत अली, अली अहमद आदि मौजूद रहे।