- शहर से लेकर देहात तक एक्टिव, गहने चमकाने का देते झांसा

- एक हफ्ते में तीन को बनाया शिकार, पहले भी कर चुके हैं वारदात

GORAKHPUR: जिले में अपराधियों को काबू करने वाली पुलिस को ज्वेलरी चमकाने वाले बदमाश चकमा दे रहे हैं। एक हफ्ते के भीतर तीन फैमिली की महिलाओं को झांसा देकर जालसाज लाखों रुपए की च्वेलरी लेकर फरार हो चुके हैं। कभी किसी कंपनी का प्रॉडक्ट बेचने तो कभी कभी खुद को गहना चमकाने वाला बताकर बाइक सवार दो शातिर लोगों को चपत लगा रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की तलाश में पुलिस टीम लगी है। जल्द ही उनको अरेस्ट कर लिया जाएगा। लेकिन पुलिस अभी तक किसी को अरेस्ट नहीं कर सकी है।

महिलाओं को करते हैं टारगेट

गहनों की ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य अधिक दोपहर में ही अपने को अंजाम देते हैं। इस गिरोह के टारगेट पर अकेले घरों में रहने वाली महिलाएं ज्यादा होती हैं। दोपहर का समय इसलिए चुना जाता है, क्योंकि इस समय घर के मेल मेंबर्स बाहर होते हैं। स्कूल टाइम पर बच्चे भी नहीं मिलते या फिर घर में होने पर वह टीवी देख रहे होते हैं। या फिर किसी दूसरे कमरे में सोए रहते हैं। ठगों का यह गिरोह किसी घर में इंट्री करता है। उसके बाद महिलाओं को ज्वेलरी चमकाने का झांसा देकर सफाई के बहाने चूना लगा देता है। शहर और आसपास एरिया में हाल के दिनों में जो भी वारदातें हुई। वह दोपहर में ही अंजाम दी गई हैं।

पीपीगंज एरिया में दो फैमिली को बनाया निशाना

20 अगस्त 2020: पीपीगंज एरिया में ज्वेलरी चमकाने वाले जालसाजों ने दो परिवारों को निशाना बनाया। नयागांव के कलीमुल्लाह के घर पहुंचे जालसाजों ने सोने की चेन, अंगूठी सहित अन्य गहने साफ कर दिए। घर की सारी ज्वेलरी मंगाकर उनको गर्म पानी में डालकर ठंडा होने के लिए कहकर जालसाज चले गए। बाद में जब महिलाओं ने पानी में हाथ डाला तो गहने गायब थे। इसी एरिया में दूसरी घटना जंगल झझवा में हुई। बेलौहा निवासी प्रह्लाद के घर पहुंचे जालसाजों ने सफाई के नाम पर करीब डेढ़ लाख रुपए की ज्वेलरी चुरा ली। दोनों मामलो की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई। लेकिन शातिरों के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी।

घर की सारी ज्वेलरी लेकर भागे जालसाज

17 अगस्त 2020: गुलरिहा एरिया के करमौरा में वारदात हुई। करमौरा निवासी सुभाष सिंह के घर बाइक सवार दो युवक पहुंचे। घर पर उनकी पत्नी कमलावती मिलीं। कंपनी के प्रचार प्रसार के लिए ज्वेलरी चमकाने का झांसा युवकों ने उनको दिया। तीन हार, तीन मंगलसूत्र, छह अंगूठियां साफ करने के बहाने जालसाज लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

चाची कहकर पुकारा, ज्वेलरी लेकर हुए फरार

13 अगस्त 2020: तिवारीपुर एरिया के पिपरापुर में ज्वेलरी चमकाने के बहाने जालसाज सीनियर सिटीजन लेडी को झांसा देकर एक लाख रुपए से अधिक की ज्वेलरी लेकर फरार हो गए। पिपरापुर मोहल्ला निवासी त्रिलोकीनाथ चाय की दुकान चलाते हैं। 13 अगस्त को उनकी पत्नी प्रमिला घर पर थीं। बच्चे अपने कमरों में सो रहे थे। तभी बाइक सवार दो युवक पहुंचे। एक ब्रांडेड कंपनी का सेल्समैन बताते हुए महिला को चाची कहकर पुकारा। महिला के पैरों की पायल चमका कर दिखाया। महिला उनके झांसे में आई गई तो घर में रखा मंगलसूत्र सहित अन्य ज्वेलरी लेक बदमाश फरार हो गए।

ये बरतें सावधानी

घर में अकेली महिला के होने पर किसी अंजान व्यक्ति को न आने दें।

कोई सामान, प्रॉडक्ट बेचने आए तो उससे गेट के बाहर से बात करें।

ऐसे किसी व्यक्ति के झांसे में न आएं। उनको घर में रखी ज्वेलरी कतई न दें।

ज्वेलरी साफ कराने के लिए अपने ज्वेलर के पास जाएं। घर पर खुद ही सफाई कर सकते हैं।

यदि कोई बाइक सवार अकेला या दो व्यक्ति ज्वेलरी चमकाने की बात करने पहुंचे तो शोर मचाएं।

शोर मचाने से लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे जालसाजों पर शिकंजा कसने में मदद मिल सकती है।

2019 में पकड़े गए दो शातिर, फिर शुरू हुई वारदातें

07 अक्टूबर 2019 को रामगढ़ताल एरिया में पुलिस ने दो शातिरों को अरेस्ट किया। उनके पास से पास से भारी मात्रा में गहने साफ करने के केमिकल्स, ज्वेलरी, बाइक और नकदी बरामद हुई। उनकी पहचान बिहार के पुरनिया, मीरगंज के खगहा के कुंदन और जमुनिया, भागलपुर निवासी मिथिलेश के रूप में हुई। दोनों गोरखपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर रहकर दिनभर रेकी करते थे। फिर मोहल्लों में जाकर अकेली रहने वाली महिलाओं को घर चिन्हित करते थे। मौका देखकर बर्तन और ज्वेलरी साफ करने का झांसा देकरलेकर फरार हो जाते थे। इन दोनों के पकड़े जाने के बाद कुछ दिनों तक वारदातें थमी रहीं। लेकिन हाल के दिनों में फिर से घटनाएं शुरू हो गई हैं।

ऐसे मामलों की जानकारी मिली है। जालसाजों के गैंग को अरेस्ट करने के लिए टीम लगाकर कार्रवाई की जाएगी।

जोगेंद्र सिंह, एसएसपी