गोरखपुर (ब्यूरो)। महिला की तहरीर पर पुलिस ने बाप-बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। महिला का आरोप है कि दिल्ली में उसका पति गलत काम कराता था। ससुर ने भी उसके साथ रेप किया था। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के बुधनपार के पास सड़क किनारे एक साल के बच्चे का कटा हुआ सिर मिला था। बच्चे की पहचान नहीं हो पाई थी। इस बीच बेलघाट के किशन नामक युवक ने अपने बेटे के सिर के रूप में पहचान का दावा किया। किशन का आरोप था कि उसके प्रेम विवाह से नाराज पत्नी के घरवालों ने ही उसके बेटे की हत्या कर दी है। बेलघाट के भिसिया खुर्द निवासी किशन ने पुलिस को बताया कि सिकरीगंज की रहने वाली एक दूसरी बिरादरी की लड़की से प्रेम संबंध था। मार्च 2020 में दोनों घर से बिना बताए चले गए और फिर शादी कर दिल्ली में रहने लगे थे।
पति के साथ-साथ ससुर पर भी लगाए आरोप
किशन का कहना था कि 23 मार्च को वह काम पर गया था। घर लौटा तो पत्नी व बच्चा लापता हो गए। इसकी गुमशुदगी दिल्ली के समयपुर बादली थाने में उसने दर्ज कराया था। सिकरीगंज पुलिस ने जांच शुरू की तो किशन की पत्नी बच्चे के साथ सामने आ गई। उसने पति किशन और ससुर की प्रताडऩा से भागने की बात बताई। पत्नी का कहना है कि किशन उसे दिल्ली में एक कमरे में बंद रखता था और तमाम लोगों को लाकर उसके साथ जबरन संबंध बनवाता था। उसने अपने ससुर पर भी गंभीर आरोप लगाए। सिकरीगंज पुलिस ने किशन की पत्नी की तहरीर पर किशन और ससुर के खिलाफ रेप और महिला उत्पीडऩ का मुकदमा दर्ज कर उसके पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को दोनों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। वहां से उनको जेल भेज दिया गया।