- 24 घंटे के भीतर दो जगहों पर की वारदात

- गुलरिहा एरिया के तरकुलहा में लूटा सिलेंडर

GORAKHPUR: जिले में एक बार फिर से एक्टिव लुटेरों ने राह चलना दुश्वार कर दिया है। 24 घंटे के भीतर बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने दो जगहों पर वारदात की। रविवार की सुबह गुलरिहा एरिया में सिलेंडर लेने जा रहे किशोर को चाकू दिखाकर लूट लिया। शनिवार की देर शाम झंगहा एरिया में दुकानदार की बाइक लूटकर बदमाश फरार हो गए थे। पीडि़त लोगों की सूचना पर पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।

रास्ता पूछने के बहाने लूटा

गुलरिहा, जंगल सखनी, मक्खनपुर निवासी महेंद्र के घर रविवार को गैस खत्म हो गई। रविवार की सुबह साढ़े आठ बजे सिलेंडर लेकर उसका बेटा अरुण भटहट स्थित गैस एजेंसी पर जा रहा था। पिपरी-तरकुलहा रोड पर पोखरे के पास बाइक सवार दो युवक उससे मिले। एक युवक ने पिपरी जाने का रास्ता पूछने के बहाने अरुण को रोक लिया। चाकू निकालकर सिलेंडर देने का दबाव बनाने लगा। गर्दन पर चाकू सटाकर सिलेंडर, साढ़े सौ रुपए नकद लूटकर बदमाश भटहट की ओर फरार हो गए।

अज्ञात पर मुकदमा दर्ज

झंगहा एरिया में भगने गांव के पास शनिवार की देर शाम बदमाशों ने व्यवसायी की बाइक लूट ली थी। रास्ता पूछने के बहाने बदमाशों ने कारोबारी को रोका। तमंचे के बल पर उसकी बाइक छीनकर फरार हो गए। रानापार निवासी विनय गुप्ता गांव पर श्रृंगार की दुकान चलाता है। शनिवार की शाम गोरखपुर से वह गांव लौट रहा था। भगने के बाद पहले से खड़े बदमाशों ने उसको रोक लिया। तमंचा दिखाकर उसकी बाइक लूटकर अलग- अलग रास्ते पर फरार हो गए। विनय की सूचना पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज करके पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।