- कुसम्हीं बाजार में मिली राहगीर की बॉडी

- दिल्ली से गोपालगंज जा रहे थे विनोद

GORAKHPUR: खोराबार एरिया के कुसम्हीं बाजार में शनिवार की सुबह सड़क किनारे तड़प रहे राहगीर की जान चली गई। उसके शराब के नशे में होने की आशंका में किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी। बाद में पुलिस पहुंची लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। राहगीर की पहचान गोपालगंज, हथुआ के मडि़या छापर निवासी विनोद कुमार के रूप में हुई। वह दिल्ली में रहकर कमाता था। परिजनों की सूचना पर पुलिस जांच कर रही है।

किसी ने नहीं दी सूचना, हो गई मौत

शनिवार की सुबह करीब आठ बजे कुसम्हीं बाजार में लोगों ने एक व्यक्ति को सड़क किनारे देखा। लोगों को लगा कि उसने शराब पी रखी है, इसलिए किसी ने उसकी सुधि नहीं ली। उसकी हालत खराब होने के बावजूद एबुलेंस और पुलिस को जानकारी नहीं दी। कुछ देर के बाद अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर लोगों ने जगदीशपुर चौकी इंचार्ज अश्वनी तिवारी को बताया। वह मौके पर पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति की पहचान की कोशिश में जुट गए।

तलाशते हुए परिजन, तब हुई पहचान

दोपहर में कुछ लोग जगदीशपुर चौकी पर पहुंचे। उन लोगों फोटो देखकर मृत व्यक्ति की पहचान विनोद के रूप में कर ली। लोगों ने पुलिस को बताया कि दो दिन पूर्व विनोद दिल्ली से चले थे। प्राइवेट बस से वह नौसढ़ पहुंचे। इसके बाद अचानक लापता हो गए। उनका मोबाइल भी स्विच ऑफ बता रहा था। परिजनों का कहना है कि विनोद कई दिनों से बीमार चल रहे थे। हालांकि विनोद का सामान और मोबाइल गायब होने से लोग बीमारी से मौत पर संदेह जता रहे हैं।

एक अज्ञात व्यक्ति की बॉडी मिली थी। बाद में उसकी पहचान हो गई। परिजनों का कहना है कि वह काफी दिनों से बीमार चल रहे थे।

- अश्वनी तिवारी, जगदीशपुर चौकी प्रभारी