गोरखपुर (ब्यूरो)।मेयर पद के लिए अनारक्षित सीट पर सपा में आवेदनों की संख्या बढ़ती शुरू हो गई है। सबसे ज्यादा सामान्य वर्ग के दावेदार हैं। इसमें एक पॉश एरिया के पार्षद भी शामिल हैं। वहीं, एक वरिष्ठ अधिवक्ता के भी आवेदन करने का नाम सामने आ रहा है। सीट अनारक्षित होने पर सपा भी सामान्य वर्ग के ही दावेदारों पर ही विचार कर रही है। इसमें भी खासकर दो वर्ग ऐसे हैं, जिन पर उसकी खास नजर है। इसका कारण यह है कि सामान्य के इन दो वर्ग की संख्या भी अच्छी है और इनका खासा दबदबा भी रहता है। फिलहाल पार्टी पदाधिकारियों का कहना है आने वाले आवेदनों को एकत्र पर मुख्यालय भेजेंगे।

भाजपा से सीधी लड़ाई के आसार

सपा का मानना है कि उसकी लड़ाई भाजपा से ही है। सपा हर बार टक्कर देती आई है। इस बार उलटफेर होने का भी दावा किया जा रहा है। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह भी है। सपा जिलाध्यक्ष बैठक कर दिशा निर्देश भी दे रहे हैं। साथ ही महानगर की टीम भी जुट गई है। सपा का मानना है कि भाजपा से लोग नाराज हैं। ऐसे में मेयर के होने वाले चुनाव में लोग अपना गुस्सा वोटिंग के जरिए जाहिर करेेंगे।

भाजपा के बाद सपा घोषित करेगी उम्मीदवार

सपा इस बार जीत के लिए कई तरह की रणनीति बना रही है। माना जा रहा है कि भाजपा प्रत्याशी के बाद सपा अपने उम्मीदवार की घोषणा करेगी। इसके पीछे कारण माना जा रहा है कि जिस वर्ग का उम्मीदवार होगा, उसके हिसाब से सपा अपने प्रत्याशी का चयन करेगी। इसमें भी जाति वर्ग का ख्याल रखा जाएगा। सपा का मानना है कि यह चुनाव और चुनाव की तुलना में अलग होगा।

अंदर खाने परिक्रमा, बाहर सब सामान्य

मेयर पद के टिकट के लिए सभी पार्टियों के दावेदार अंदरखाने पदाधिकारियों और शीर्ष स्तर के नेताओं की परिक्रमा में जुट गए हैं। बाहर वह सब सामान्य तरीके से दिखा रहे हैं। सभी चाहते हैं कि टिकट मिलने के पहले कोई ऐसी बात न हो जाए, जिससे टिकट कट जाए। या फिर उनकी दावेदारी के पीछे ही पड़ जाए। भाजपा और सपा में टिकट के लिए होड़ लगी हुई है। वहीं, कांग्रेस, बसपा, आप के दावेदार भी अपने-अपने तरीके से टिकट के लिए जुटे हैं।

2017 मेयर चुनाव

सीताराम जायसवाल, भाजपा 1,45,992

राहुल गुप्ता, सपा 70,169

हरेंद्र यादव, बसपा 34,424

भाजपा में दावेदारी बढ़ी, पर नामों को लेकर चुप्पी

भाजपा में पार्टी पदाधिकारी बड़ी संख्या में दावेदारों के आवेदन करने का दावा कर रहे हैं, लेकिन नामों को लेकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। उनका कहना है कि अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। शीर्ष नेतृत्व नामों पर विचार कर टिकट तय करेगा। इधर, मेयर पद के लिए दावेदार भी कुछ भी कहने से कतरा रहे हैं। मेयर पद के दावा करने वालों के बैनर पोस्टर भी अभी नजर नहीं आ रहे हैं। वहीं कांग्रेस भी बड़ी संख्या में दावेदारों के आवेदन करने का दावा कर रही है। प्रदेश मुख्यालय से टिकट का दावा किया जा रहा है। हालांकि नामों पर चुप्पी बरकरार है।

सपा ने मेयर चुनाव में जीत के लिए रणनीति बनानी शुरू कर दी है। पार्टी से टिकट के लिए आवेदन भी बढ़ गए हैं। ऐसे में नामों को सेलेक्ट करने में परेशानी तो है लेकिन जल्द सब सुलझा लिया जाएगा। मेयर पद के लिए नामों की घोषणा प्रदेश स्तर तय होगी।

अवधेश यादव, सपा जिलाध्यक्ष

कांग्रेस मेयर चुनाव दमदारी से लड़ेगी। दावेदारों की संख्या भी बढ़ रही है। सभी नामों पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर विचार विमर्श किया जाएगा। इसके बाद शीर्ष नेतृत्व को भेजा जाएगा। वहीं से नामों का चयन किया जाएगा।

निर्मला पासवान, कांग्रेस जिलाध्यक्ष

आप पार्टी मेयर सहित सभी वार्डों में प्रत्याशी उतारेगी। मेयर पद के लिए 6-7 नाम आए हैं। उन पर विचार चल रहा है। सभी नामों को शीर्ष नेतृत्व को भेजा जाएगा। नामों का अंतिम रूप से चयन वहीं से तय किया जाएगा।

वैभव जायसवाल, आप जिलाध्यक्ष