बिचौलिया की मदद से मां ने किया था सौदा, देवरिया में हुआ बरामद

गीडा एरिया के नौसड़ की घटना, चोरी की सूचना पर पुलिस ने की जांच

GORAKHPUR: आर्थिक तंगी और खाने के संकट से गुजर रही मां ने अपनी ममता को कलंकित कर लिया। महज 10 हजार रुपए के लिए उसने दो माह के बेटे को बेच दिया और पति को बच्चा चोरी होने की कहानी सुनाती रही। यह कहानी है गीडा एरिया के नौसड़ की। पुलिस ने महिला को अरेस्ट कर मामले का खुलासा कर दिया। इसके बाद सुनने वाले शाॅक्ड रह गए।

दी थी चोरी की सूचना

शुक्रवार रात नौसड़ निवासी जय सिंह घर के बरामदे में पत्नी शिमला देवी, बड़े बेटे महंत, बेटी आरती और दो माह के बेटे सुंदरम के साथ सोए थे। शनिवार सुबह दो माह का बेटा सुंदरम गायब था। बच्चे के गायब होने की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने आसपास एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों की छानबीन की। तब पता लगा कि जय सिंह की पत्नी शिमला खुद ही बच्चे को लेकर जा रही है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। सख्ती के आगे वह टूट गई। उसने खुद बच्चे के बेचने की कहानी बयां कर दी। पुलिस को बताया कि गोरखनाथ, सूर्यविहार कॉलोनी निवासी शंभू सिंह के जरिए उसने 10 हजार रुपए में बच्चे का सौदा किया है। उसने कहा कि गरीबी के कारण परिवार का भरण-पोषण नहीं हो पा रहा है। इसलिए वह तीसरा बच्चा अपने पास नहीं रखना चाहती थी। सुंदरम के पैदा होने के पहले से वह अर्बासन का दबाव बनाई। लेकिन वह राजी नहीं हुआ। सोमवार शाम चार बजे शंभू को अरेस्ट कर पुलिस ने बच्चे को देवरिया जिले से बरामद कर लिया। देवरिया, रामपुर कारखाना, विशुनपुर की नौमी की पत्नी रंभा बच्चे को ले गई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया।

बगल में शंभू की ससुराल

सिक्योरिटी कंपनी में गार्ड शंभू की ससुराल नौसड़ निवासी जयसिंह के बगल में है। अक्सर आते जाते शंभू का परिचय बच्चे की मां से हो गया। एक अनाथश्रम पर बच्चे की तलाश में पहुंची देवरिया की रंभा ने शंभू से बच्चा दिलाने को कहा था। जय सिंह की पत्नी शिमला ने जब बच्चा बेचने की बात की तो शंभू ने सौदा तय कर दिया। शंभू के कहने पर रंभा ने शिकला से मुलाकात की। 27 नवंबर की रात वह नौसड़ पहुंची। तीन बजे भोर में बच्चा पाने पर देवरिया चली गई। इस दौरान राजघाट पुल तक शिमला भी गई थी। शिमला ने यह सौदा अकेले किया। उसने पति को कुछ नहीं बताया। इसलिए पति ने बच्चा चोरी होने की सूचना पुलिस को दे दी।

वर्जन

बच्चा चोरी नहीं हुआ था। उसकी मां ने ही देवरिया की महिला के हाथों बेच दिया। सूचना मिलने पर कार्रवाई की गई। बच्चे को बरामद कर आरेापियों को अरेस्ट कर लिया गया है।

सुनील कुमार राय, एसएचओ गीडा