- पुलिस का ऑपरेशन तमंचा भी तोड़ रहा दम

- अगस्त में बदमाशों ने दो किशोरियों की गोलीमार कर दी थी हत्या

GORAKHPUR:

क्या कानून व्यवस्था के लिए जवाबदेह खाकी का खौफ खत्म हो रहा है। यह सवाल इसलिए आम हो गया है, क्योंकि हर कोई पुलिस को चुनौती दे रहा है। बात-बात पर गोली चला दी जाती है। सोमवार-मंगलवार रात खोराबार के एक ईट-भट्ठे में हवाई फायरिंग कर बदमाशों ने दहशत फैला दी। बेखौफ होते बदमाशों से पुलिस का ऑपरेशन तमंचा दम तोड़ता नजर आ रहा है। ढाई महीने तक जिले में जहां एक भी गोली नहीं चली थी। वहीं, एक सप्ताह में मनबढ़ों ने दो लोगों को गोली मार दी। 16 साल की एक बेटी को जान ले ली। एक किशोरी को घायल कर दिया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

एडीजी जोन ने शुरू किया था ऑपरेशन तमंचा

एडीजी जोन ने छह जून 2021 को जोन के सभी जिलों में ऑपरेशन तमंचा अभियान लांच किया था। इसमें उन मनबढ़ों को पकड़ा जाना था, जो अवैध तमंचा रखकर अपने गांव-मोहल्ले या फिर इलाके में भौकाल कायम करते हैं। जरूरत पड़ने पर वह किसी वारदात को भी अंजाम देते हैं। अभियान की शुरुआत का नतीजा काफी अच्छा रहा। कई मनबढ़ और बदमाश पकड़े गए। पुलिस ने गोरखपुर में 100 से ज्यादा तमंचा बदमाशों के पास से पकड़े थे। ढाई महीने तक इस अभियान में काफी सख्ती दिखी थी, लेकिन जैसे ही इसमें ढिलाई बरती गई। गगहा में 21 अगस्त को काजल सिंह (16) को उसी के गांव के मनबढ़ ने गोली मार दी। बच्ची की बस यही गलती थी कि वह पिता की पिटाई का वीडियो बना रही थी। इससे नाराज होकर मनबढ़ ने बच्ची की जान ले ली और उसका मोबाइल छीन लिया। इस घटना के एक सप्ताह के अंदर ही गोला में 16 साल की एक बच्ची रिंकू को उसके पट्टीदारी के युवक ने गोली मार दी। यह बच्ची अपनी मां की पिटाई का विरोध कर रही थी।

------------

खोराबार: ईट-भट्ठे में दहशत फैलाने चलाई गोली

खोराबार एरिया के कुसम्ही कोठी के पास सोमवार-मंगलवार मध्यरात्रि युवक को दौड़ाकर मनबढ़ों ने फायरिंग की। बताया जा रहा है कि मनबढ़ों के ग्रुप महाकाल ने वर्चस्व कायम करने के लिए वारदात को अंजाम दिया है। घटना की सूचना पर पहुंची खोराबार पुलिस ने मौके से 32 बोर का खोखा बरामद किया है। मगर इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया है। खबर है कि पीडि़त के तहरीर लेकर जाने पर पुलिस ने आरोपितों का नाम पता नोट किया और पकड़ जाने के बाद केस दर्ज करने की बात कहते हुए लौटा दिया। जानकारी के मुताबिक कुसम्ही कोठी निवासी राजवीर का गांव के ही पास के ही एक युवक से विवाद हो गया था। वह मनबढ़ों के ग्रुप महाकाल से जुड़ा है। इसकी जानकारी होने पर ग्रुप के लोग सोमवार रात जुट गए। राजवीर घर से निकला था कि बदमाशों ने घेर लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। जान बचाने को भागा तो मनबढ़ों ने पिस्टल से फायरिंग कर दहशत फैलाई। भागकर राजवीर ने जान बचाई और फिर इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू कर दी। खोराबार इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने कहा, अभी तहरीर नहीं मिली है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया था। पूछताछ कर छोड़ दिया गया है।

वर्जन।

बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। साथ ही मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया है। बदमाशों की गिरफ्तारी के साथ असलहों को बरामद किया जाएगा।

डॉ। विपिन ताडा, एसएसपी गोरखपुर