गोरखपुर (ब्यूरो)। अभी इलेक्ट्रिक बस डिपो के लिए तीन थर्ड जेंडर का इंटरव्यू कराया गया है। अब नगर निगम टीम में 10 थर्ड जेंडर की भर्ती करने का निर्देश नगर आयुक्त ने जारी कर दिया है।

निगम के काम में बटाएंगे हाथ

ये बता दें कि नगर निगम के ऊपर पूरे शहर की जिम्मेदारी है। जब से गोरखपुर सीएम सिटी बनी है, तब से यहां विकास की रफ्तार बढ़ी है। जगह-जगह निर्माण कार्य चल रहे हैं। ऐसे में नगर निगम का काम भी बढ़ गया है। अब मैन पावर बढ़ाना भी जरूरी हो गया है, लेकिन इस बार नगर निगम अन्य किसी को मौका ना देकर थर्ड जेंडर को अवसर दे रहा है।

टॉप टेन टीम बनाकर होगा काम

नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि हम लोग थर्ड जेंडर की एक टीम बना रहे हैं। जिनसे नगर निगम के काम मे हेल्प लिया जाएगा। इसमें करीब दस थर्ड जेंडर को शामिल किया जा रहा है। टैक्स वसूली से लगाए ऑफिस वर्क तक की जिम्मेदारी उन्हें दी जाएगी। अभी तक अहमदाबाद में ऐसा होता रहा है, वहां पर थर्ड जेंडर टैक्स वसूली के लिए घर-घर जाते थे। उसका रिजल्ट भी अच्छा रहा है। शनिवार को महामंडलेश्वर नगर निगम में आ रही हैं। उनके साथ कुछ लोग भी आएंगे। उनसे बातचीत कर 10 थर्ड जेंडर का चयन किया जाएगा। इसको लेकर नगर निगम में बाकी सारे काम पूरे कर लिए गए हैं।

जल पुलिस करेगी गोड़धोइया की निगरानी

नगर आयुक्त ने बताया कि हम लोगों ने एक गोड़धोइया नाले की निगरानी के लिए स्पेशल जल पुलिस बना रहे हैं। इसम बोट चलाने वाले मल्लाहों से सम्पर्क किया गया है। हम लोगों ने इनको जॉब पर रख लिया है। ये टीम रात में बोट से गोड़धोइया नाले की निगरानी करेंगी। इनकी स्पेशल वर्दी भी रहेगी। जिससे ये लोग अन्य लोगों से अलग दिखेंगे। शनिवार को इस टीम की घोषणा भी कर दी जाएगी। टीम के लिए वर्दी भी सेलेक्ट कर ली गई है।

वार्ड की संख्या- 70

पार्षदों की संख्या- 70

मनोनित पार्षद- 10

थर्ड जेंडर की होगी भर्ती- 10

अहमदाबाद में नगर निगम का टैक्स वसूलने के लिए थर्ड जेंडर को रखा गया था। इसका रिजल्ट भी अच्छा रहा है। हम लोग भी गोरखपुर में टैक्स वसूलने और निगम के अन्य कामों के लिए थर्ड जेंडर की भर्ती कर रहे हैं। शनिवार को 10 थर्ड जेंडर सेलेक्ट कर टॉप टेन टीम फाइनल कर दी जाएगी।

अविनाश सिंह, नगर आयुक्त