गोरखपुर (ब्यूरो) शहर में बाइक की डिक्की तोड़कर रुपए उड़ाने वाले गैंग ने दो लाख रुपए 60 हजार रुपए नकद उड़ा दिए। घटना शनिवार की शाम मोहद्दीपुर में एचडीएफसी बैंक की ब्रांच के पास हुई। वारदात की सूचना पर पहुंचे एसपी सिटी सोनम कुमार ने पीडि़त से जानकारी ली। सीसीटीवी फुटेज देखकर पुलिस की टीम बदमाशों का सुराग लगा रही है। महराजगंज, पनियरा के रतनपुर का वीरेंद्र कुमार सरिया कंपनी में रिकवरी एजेंट है। शनिवार को वह दुकानदारों से रुपए का कलेक्शन करके शहर लौट रहा था। मोहद्दीपुर में पहुंचा तो उसे सामान खरीदने के लिए रुपए की जरूरत पड़ी। सड़क किनारे बाइक खड़ी करके वह एटीएम से रुपए निकालने चला गया। तभी मौका देखकर शातिरों ने उसकी डिक्की में रखी दो लाख 60 हजार रुपए नकदी उड़ा दी। रुपए निकालकर वह लौटा तो बाइक की डिक्की टूटी देखकर उसके होश उड़ गए। उसके शोर मचाने पर लोगों को जानकारी हुई। सूचना पाकर एसपी सिटी सोनम कुमार, सीओ कैंट राहुल भाटी, एसएचओ सुधीर सिंह सहित भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। इसके पूर्व भी कैंट एरिया में डिक्की तोड़कर रुपए उड़ाने की कई घटनाएं हो चुकी हैं।

आजादनगर में रिक्शा सवार महिला से लूटी चेन

रामगढ़ताल एरिया के दुर्गा चौक पर रहने वाली मुंकुदी सिंह शनिवार की शाम चार बजे बाजार से लौट रही थीं। रिक्शा सवार महिला आजाद नगर के पास पहुंचीं। तभी बाइक सवार दो युवक उनके करीब पहुंचे। एक युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन लूट ली। महिला के शोर मचाने पर रिक्शा सवार रुक गया। लोगों ने चेन स्नेचरों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। महिला की चेन करीब 70 हजार रुपए की होगी। इस संबंध में उन्होंने आजाद नगर पुलिस चौकी पर सूचना दे दी है। एरिया में लंबे समय के बाद बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है।

शाहपुर में सिपाही की बेटी से बदमाशों ने लूटा पर्स

शाहपुर एरिया के खंजाची चौराहे के पास सिपाही की बेटी से पर्स लूटकर बदमाश भाग गए। चिलुआताल एरिया के फत्तेपुर की ज्योति सिंह के पिता अनिल सिंह पुलिस डिपार्टमेंट में कांस्टेबल हैं। उनकी तैनाती सिद्धार्थनगर जिले में है। मूल रूप से सहजनवां निवासी अनिल सिंह ने फत्तेपुर में मकान बनवा लिया है। वहां पर रहकर उनकी बेटी ज्योति सिंह तारामंडल में जिम चलाती हैं। शुक्रवार की देर रात वह घर लौट रही थीं। खंचाजी चौराहे पर एक दुकान पर रुककर उन्होंने मिठाई खरीदी। खजांची चौराहे पर वह पहुंचीं। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया। शोर मचाती हुई ज्योति भी मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी तक पहुंच गईं। आशंका है कि बदमाश मिठाई की दुकान से ही उनका पीछा कर रहे थे। इस मामले में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है।

25-25 हजार के दो इनामी अरेस्ट, भेजे गए जेल

एसएसपी के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन हंट के तहत पुलिस ने 25 हजार के दो इनामियों को अरेस्ट किया। उनके खिलाफ अलग-अलग थानों से नकद इनाम घोषणा हुई थी। सिकरीगंज पुलिस ने अपहरण और रेप के आरोपित माधोपुर निवासी सिकंदर चौहान को अरेस्ट किया। वह कहीं भागने की कोशिश में लगा था। तभी पुलिस को इसकी जानकारी मिल गई। फरार चल रहे सिकंदर के खिलाफ 25 हजार का इनाम जारी हुआ था। उधर गगहा पुलिस ने मर्डर के आरोपित को अरेस्ट करके तमंचा और कारतूस बरामद किया। गगहा के पाल्हीपार निवासी नरसिंह चौहान के खिलाफ गगहा पुलिस ने 25 हजार का इनाम जारी किया था। पुलिस की सूचना मिली कि वह रामनगर तिराहे के पास मौजूद है। एसएचओ अमित दुबे ने अपनी टीम संग आरोपित को पकड़ लिया। उसके पास से तमंचा और दो कारतूस बरामद हुआ।

घर पर पकड़ा गया जिला बदर

राजघाट पुलिस ने जिला बदर बदमाश रहमतनगर निवासी मुस्तकीम को अरेस्ट किया। गुंडा एक्ट में पाबंद मुस्तकीम छह माह के लिए जिला बदर किया गया था। लेकिन वह अपने घर पर सो रहा था। आपरेशन हंट के तहत जब पुलिस ने उसके घर दबिश दी तो वह वह घर में मिल गया। उसके खिलाफ 11 से अधिक क्रिमिनल केस रजिस्टर्ड है।

कुकर्म के आरोपित भेजे गए जेल

चौरीचौरा एरिया में दोस्त को शराब पिलाकर उनका वीडियो बनाने के आरोपित पकड़े गए। शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले में रामपुर के सर्वजीत, बलिराम, मंतोष और भटगांवा के सिद्धू सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। तीन माह पूर्व हुई घटना का वीडियो तीन दिनों से वायरल हुआ था। यह जानकारी जब पीडि़त को हुई तो उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।