गोरखपुर (ब्यूरो)। अभी तक पहली व दूसरी डोज लगवाए लोग उसी वैक्सीन की सतर्कता डोज ले सकते थे, जिसकी पहली व दूसरी लगवाए थे। अब वे कोर्बेवैक्स की भी सतर्कता डोज लगवा सकेंगे। यह अनुमति मिलने के बाद सतर्कता डोज का लक्ष्य पूरा होने की उम्मीद बढ़ गई है।

30 लाख से अधिक हो गए पात्र

जिले में तीन ही वैक्सीन- कोविशील्ड, कोवैक्सीन व कोर्बेवैक्स लगाई जा रही है। इसलिए दूसरी डोज ले चुके सभी लोग कोर्वेवैक्स की सतर्कता डोज लगवा सकते हैं। 30 लाख से अधिक लोग यह डोज लगवाने के पात्र हैं। इसमें 4.97 लाख लोग 60 वर्ष से ऊपर के हैं, जिन्हें सरकारी अस्पतालों में फ्री डोज लगाई जा रही है। शेष 18 से 59 वर्ष के बीच के हैं। इन लोगों को प्राइवेट हॉस्पिटल में शुल्क देकर यह डोज लगवानी पड़ रही है। कोर्बेवैक्स के साथ भी यही नियम लागू होगा। 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को यह निश्शुल्क लगेगी, अन्य को प्राइवेट हॉस्पिटल्स में शुल्क देकर लगवाना होगा। जिले में 80 हजार लोगों को ही अभी तक यह डोज लगाई जा सकी है, जबकि 10 जनवरी से ही यह डोज लगाई जा रही है।

अब कोविशील्ड व कोवैक्सीन की नियमित डोज लगवाने वाले लोग भी कोर्बेवैक्स की सतर्कता डोज लगवा सकेंगे। इससे टीकाकरण का ग्राफ बढऩे की उम्मीद है। बूथों पर संबंधित वैक्सीन न मिलने से लोग दूर के बूथों पर जाना नहीं चाह रहे थे। अब उन्हें नियमित डोज वाली वैक्सीन न मिलने पर कोर्बेवैक्स लगवाने की सुविधा मिल गई है।

- डॉ। एएन प्रसाद, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी

जांच रिपोर्ट में मिले दो कोरोना पॉजिटिव

कोविड संक्रमण की जांच में रविवार को दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोई स्वस्थ नहीं हुआ है। जिले में 13 एक्टिव पेशेंट हैं। सीएमओ डॉ। आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि पहली लहर से लेकर अब तक 66870 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 65985 लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। 858 की मौत हो चुकी है। उन्होंने बचाव की अपील की है।

543 लोगों को लगाया गया कोरोना वैक्सीन

कोविड टीकाकरण अभियान में रविवार को 54 बूथों पर 543 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाया गया। बूथों पर बहुत कम संख्या में लोग पहुंचे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ। एएन प्रसाद ने बताया कि वैक्सीन की कमी नहीं है। लोग बूथों पर आएं, सभी को वैक्सीन लगाया जाएगा।