गोरखपुर (ब्यूरो).सावन भगवान शिव का महीना माना जाता है और सोमवार उनका दिन। इसलिए सावन मास के दूसरे सोमवार को शिव मंदिरों पर महाशिवरात्रि जैसा माहौल था। सुबह चार बजे ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिवालयों पर पहुंचने लगे। महादेव का जलाभिषेक किया, मत्था टेका और मंगल कामना की। मंदिर प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के पूरा बंदोबस्त किए थे। पुलिस के जवानों के साथ ही स्वयं सेवक श्रद्धालुओं की मदद के लिए तैनात थे।

महादेव झारखंडी मंदिर, मुक्तेश्वरनाथ मंदिर, मानसरोवर शिव मंदिर सहित लगभग सभी शिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी। श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर बाबा का जयघोष किया और भांग धतूरा, बेलपत्र, श्वेत मदार पुष्प, गन्ना आदि अर्पित करने के बाद दूध और जल से महादेव का अभिषेक किया। मंदिरों में पूजन का सिलसिला दोपहर बाद तक चलता रहा।

इन शिवालयों में पहुंचे श्रद्धालु

महानगर के बड़े काजीपुर स्थित शिवाला, बेतियाहाता हनुमान मंदिर, मेडिकल कॉलेज रोड शिव मंदिर, विष्णु मंदिर, सूर्यकुंडधाम, शिव मंदिर भेडिय़ागढ़, शिव मंदिर तारामंडल, गोपाल मंदिर मोहद्दीपुर आदि शिवालयों में श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ जलाभिषेक किया।

स्वच्छ पर्यावरण के लिए किया महादेव का जलाभिषेक

सूर्यकुंड धाम विकास समिति की ओर से मनाए जा रहे श्रावण उत्सव के 12वें दिन दूसरे सोमवार को स्वच्छ पर्यावरण के लिए भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। इसके बाद शिव महाआरती कर श्रद्धालुओं ने प्रकृति की रक्षा का संकल्प लिया। शाम को शिव महापुराण कथा पाठ में शिव महिमा के बखान से धाम का वातावरण शिवमय हो गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समिति के संयोजक संतोष मणि त्रिपाठी ने किया। कार्यक्रम का संचालन सरस्वती त्रिपाठी व आभार ज्ञापन पर्यावरण मित्र मिशन की अर्चना शर्मा ने किया। इस अवसर पर नीतू श्रीवास्तव, मदन राजभर, कनक लता मिश्रा, आचार्य सावरणी धर्माधिकारी, माधवी त्रिपाठी, अंकिता यादव, अमिता श्रीवास्तव, अनीता, सरोज आदि मौजूद रहीं।

मानसरोवर मंदिर पर कजरी गीत गाए

शिवशंकर की आराधना और सावन की फुहारों के बीच स्वर सागर संस्था ने कजरी गीत का कार्यक्रम मानसरोवर मंदिर पर आयोजित किया। संस्था अध्यक्ष सुनीषा श्रीवास्तव ने भोलेनाथ के भजन काले के शिव के मनाइब हो शिव मानत नाही से कार्यक्रम की शुरुआत की। शिवानी मिश्रा ने बलम गए परदेश कजरी गायी। एकता शुक्ला ने भोलेनाथ देदे साथ सीमा गुप्ता ने तनि देखल हो जी शैलेष सिंह ने सावनवां में नाही आईल बलमु चंदभान यादव ने एक दिन आईल भोला पिंटू हंसलोना ने शिव के भांगईया के गोला निधि श्रीवास्तव ने भोला ब्याहन गईले आदि गाकर रंग जमाया। प्रियंका गुप्ता, गरिमा, अलका, रीता मिश्रा, जया, अनिमा, वीना, रीना श्रीवास्तव, निधि पांडे ने मेहंदी लगाई और कजरी गीतों पर झूम कर नृत्य किया।