- चिलुआताल में हाइवे पर गाड़ी खड़ी करके मनाई पार्टी

- बांसगांव में वीडियो वायरल करने वाले युवक को दबोचा

GORAKHPUR: सोशल मीडिया पर असलहों संग फोटो और वीडियो वायरल करने वालों पर पुलिस शिकंजा कसने लगी है। बांसगांव एरिया में भटवली बाजार के पास बंदूक के साथ दोस्तों को बुलाने वाला वीडियो वायरल करने के आरोपित को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। उसके पास से यूपी पुलिस के रिटायर दीवान की बंदूक बरामद हुई। उधर कालेसर-जंगल कौडि़या फोरलेन पर फोर व्हीलर पर असलहा रखकर बर्थडे पार्टी मनाने वालों की पहचान पुलिस ने कर ली है। ग्राहक सेवा संचालक के परिवार से जुड़े किशोरों ने बर्थडे में अपने साथियों को बुलाया था। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ में जुटी है। फोर व्हीलर के बोनट पर रखे असलहों के बारे में सही जानकारी परिजन नहीं दे पा रहे हैं। डीआईजी-एसएसपी ने कहा कि इस तरह के मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लाइसेंसी असलहों का कैसिंलिशेन कराया जाएगा। यदि असलहे अवैध हैं तो वह कहां से आए। इसकी जांच करके कार्रवाई की जाएगी।

वीडियो वायरल करने वाला अरेस्ट

रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। हाथ में बंदूक लेकर एक युवक सुबह 10 बजे अपने दोस्तों को भटवली बाजार इंटर कॉलेज के पास बुला रहा था। वह खुद ही वहां पर नौ बजे पहुंचा। वीडियो बनाकर उसने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसकी जानकारी किसी ने पुलिस को दी। धनईपुर के रहने वाले दो युवकों को पुलिस ने उठाया तो सामने आया कि आरोपित गीडा एरिया के धनईपुर का जयसिंह है। उसकी मौसी का घर उरुवा के गुलरिहा में है। गुलरिहा में उसके रिश्तेदार का किसी व्यक्ति से विवाद चल रहा है। उसी व्यक्ति को सबक सिखाने के लिए उसने बंदूक के साथ वीडियो बनाकर वायरल किया। जांच में सामने आया कि सिद्धार्थनगर जिले से दीवान पद से रिटायर हुए शिवाजी उपाध्याय की बंदूक है। जयसिंह ने बताया कि उनकी बंदूक आरोपित कब लेकर चला गया। इसकी जानकारी नहीं हो पाई। जयसिंह को अरेस्ट करके पुलिस ने जेल भेज दिया। बंदूक का लाइसेंस कैंसिल करने के लिए पुलिस कार्रवाई में जुटी है।

छह माह पहले मनाया बर्थडे, फोटो हुआ वायरल

कालेसर-जंगल कौडि़या फोरलेन पर असलहा रखकर केक काटने वालों की पहचान पुलिस ने कर ली है। मंगलवार को पुलिस ने कुछ लोगों से पूछताछ की तो जानकारी सामने आई। फोटो छह माह पहले बर्थडे मनाने के दौरान किसी ने खींची थी। असलहे के बारे में जानकारी जुटाने के लिए पुलिस पार्टी में शामिल युवकों की तलाश में जुटी है। व्हीकल ऑनर के बारे में जानकारी जुटाकर पुलिस ने पूछताछ की। इस दौरान सामने आया कि परिजनों को इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। पार्टी में शामिल युवकों की तलाश में पुलिस जुटी है। पुलिस का कहना है कि उनके पकड़े जाने पर असलहों के बारे में जानकारी मिल सकेगी।

सोशल मीडिया पर असलहे का प्रदर्शन करते हुए धमकी देने वाले युवक को अरेस्ट कर लिया गया है। चिलुआताल एरिया में बर्थडे मनाने वालों की तलाश की जा रही है। इस तरह के प्रकरण में लाइसेंसी असलहों के कैंसिलेशन की संस्तुति की जाएगी। अवैध असलहे होने पर भी जांच की जाएगी।

- जोगेंद्र कुमार, डीआईजी-एसएसपी