गोरखपुर (ब्यूरो)।अब तक महापौर पद पर तीन व पार्षद पदों पर 110 नामांकन हो चुके हैं। नामांकन के लिए अभी दो दिन का समय बचा है। सोमवार को नामांकन की अंतिम तिथि है। रविवार को अवकाश के बावजूद नामांकन कार्य जारी रहेगा। राजनीतिक दलों के टिकट पर पर्चा दाखिल करने का इंतजार कर रहे दावेदारों ने शनिवार को पूरे दिन पार्टी कार्यालयों की ओर टकटकी लगाए रखी। प्रमुख राजनीतिक दलों की ओर से प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद नामांकन के लिए भीड़ बढऩे की संभावना है।

महापौर पद के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के कोर्ट में नामांकन किया जा रहा है। नगर निगम के पार्षद पदों के लिए दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं इंजीनियरिंग भवन में बनाए गए। अस्थाई 13 कक्षों में नामांकन चल रहा है। नगर पंचायत के अध्यक्ष व सदस्य पद के लिए संबंधित तहसीलों में नामांकन किया जा रहा है।

नपं अध्यक्ष के 21, सदस्य पद पर 226 नामांकन

शनिवार को जिले की 11 नगर पंचायतों में नामांकन करने वालों की लाइन लगी रही। अध्यक्ष पद के लिए 21 जबकि सदस्य पद के लिए 226 पर्चे दाखिल किए गए। अध्यक्ष पद पर अब तक 46 व सदस्य के लिए 469 नामांकन हो चुके हैं। शनिवार को नगर पंचायत पिपराइच में अध्यक्ष पद पर तीन, सदस्य पद के लिए 17, गोला में अध्यक्ष पद के लिए एक, सदस्य के लिए 11, बड़हलगंज में अध्यक्ष पद के लिए एक, सदस्य के लिए छह, उरुवा बाजार में अध्यक्ष के लिए तीन, सदस्य के लिए नौ, बांसगांव में अध्यक्ष के लिए कोई नामांकन नहीं हुआ। जबकि सदस्य पद के लिए 12 नामांकन हुए। मुंडेरा बाजार में अध्यक्ष के लिए एक, सदस्य के लिए 38, सहजनवा में अध्यक्ष पद के लिए तीन, सदस्य के लिए 20 नामांकन हुए। घघसरा बाजार में अध्यक्ष पद के लिए कोई नामांकन नहीं हुआ। सदस्य पद के लिए 32 पर्चे दाखिल किए गए। पीपीगंज में अध्यक्ष पद के चार, सदस्य पद के 39, चौमुखा में अध्यक्ष पद के लिए चार व सदस्य के लिए 17 लोगों ने पर्चा दाखिल किया। कस्बा संग्रामपुर उर्फ उनवल में अध्यक्ष के लिए एक व सदस्य के लिए 25 पर्चे दाखिल किए गए।