- आंधी-पानी के बाद बिजली कटने से दो फैक्ट्रियों का ऑक्सीजन उत्पादन 9 घंटे रहा ठप

- ट्रांसमिशन गीडा पर दस मिनट तक बिजली गिरने का जारी रहा सिलसिला

- आग की लपट देखकर कर्मचारियों में दहशत, आसपास इलाके में मची भगदड़

GORAKHPUR: जिले में बुधवार देर रात आई आंधी-पानी की वजह से जहां लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी, वहीं ऑक्सीजन की मार झेल रहे शहर में 600 ऑक्सीजन सिलेंडर का उत्पादन नहीं हो सका। रात करीब ढाई बजे बरहुआं ट्रांसमिशन बिजली घर पर आकाशीय बिजली गिरने से गीडा समेत आधा दर्जन बिजली घरों की बिजली सप्लाई प्रभावित हो गई। औद्योगिक क्षेत्र गीडा में बिजली कटने से दौ फैक्ट्रियों में ऑक्सीजन का उत्पादन ठप हो गया। ट्रांसमिशन बिजली घर परिसर में दस मिनट तक बिजली गिरती रही, इसकी वजह से आग लग गई। आग की लपट देखकर कर्मचारी भाग खड़े हुए। आस-पास के इलाके में भी भगदड़ मच गई। लोगों ने घर छोड़कर खुले मैदान व बंधे पर शरण ली। करीब दो घंटे बाद आग बुझ सकी। इसके बाद कर्मचारियों ने उपकरणों की मरम्मत शुरू की। टेक्निकल टीम की तमाम कोशिशों के बाद गुरुवार की सुबह 8.20 बजे सप्लाई बहाल हो सकी। इसके बाद एक-एक करके बिजली घरों की सप्लाई बहाल की गई।

600 सिलेंडर ऑक्सीजन का उत्पादन प्रभावित

बिजली कटने से गीडा की दो फैक्ट्रियों में ऑक्सीजन का उत्पादन ठप हो गया। फैक्ट्री संचालक प्रवीण मोदी ने बताया कि उनके दोनों प्लांट में 24 घंटे में करीब 1600 सिलेंडर ऑक्सीजन का उत्पादन होता है। बुधवार की देर रात से गुरुवार की सुबह 8 बजे तक करीब छह घंटे तक उत्पादन ठप रहा। सप्लाई बहाल होने पर ढाई घंटे में सिस्टम रन हुआ। इस तरह करीब 9 घंटे में करीब 600 सिलेंडर ऑक्सीजन का उत्पादन प्रभावित हुआ है। 24 घंटा बिजली मिलने की वजह से बिजली के बैकअप की व्यवस्था नहीं है। अब बैकअप की व्यवस्था बनानी पड़ेगी।

शहर के से गांव की बिजली गुल

तेज आंधी-पानी के दौरान अफसरों के निर्देश पर शहर से लेकर अन्य इलाकों की सप्लाई ठप कर दी गई। ट्रांसमिशन के एसडीओ ने बताया कि रात 2.30 बजे पॉवर हाउस पर बिजली गिरी। लगातार 10 मिनट तक बिजली गिरने का सिलसिला जारी रहा। बिजली गिरनी बंद हुई तो आग बुझाने का प्रयास शुरु हुआ। आग पर काबू पाने के बाद बिजली घर को चालू करने की कोशिश शुरु हुई। जांच में पता चला कि 33 केवी का पैनल व सीटी-पीटी सिस्टम क्षतिग्रस्त हो गया है। इसकी वजह से शहर के रुस्तमपुर, नार्मल, लालडिग्गी, रानीबाग व ग्रामीण क्षेत्र के गीडा, सहजनवा बिजली घर से जुड़े इलाकों में बिजली ठप हो गई।

छह घंटे बाद बहाल हुई सप्लाई

आनन-फानन में उपकरणों की व्यवस्था कर उसे बदलने की कोशिश शुरु हुई। तकनीकी टीम के अथक प्रयास से करीब छह घण्टे बाद बिजली सप्लाई सामान्य हुई। अफसरों का कहना है कि आकाशीय बिजली गिरने से जगह-जगह जम्पर कट गए। एचटी लाइनों पर होर्डिंग, बैनर व पेड़ों की डालिया गिरने से सप्लाई बहाल करने में समय लगा। हालांकि सुबह सात बजे तक कुछ क्षेत्रों में सप्लाई बहाल कर दी गई। शेष बचे इलाकों में 8.20 बजे बिजली दे दी गई।

भोर के 2.30 बजे ट्रांसमिशन बिजली घर पर आकाशीय बिजली गिरने से बिजली सप्लाई ठप हो गई। बिजली घर के 33 केवी पैनल व सीटी पीटी क्षतिग्रस्त हो गई। बिजली घर से जुड़े आधा दर्जन फीडर क्षेत्र में सुबह 8.20 बजे सप्लाई बहाल कर दी गई।

- ई। चंद्रजीत यादव, एसडीओ, ट्रांसमिशन बरहुआ